मुंबई. स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और दोनों मानक सूचकांक मामूली नुकसान के साथ बंद हुए. सीमित कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 31 अंक नीचे आया जबकि एनएसई निफ्टी में 46 अंक की गिरावट आई.
तीस शेयर पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 31.46 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,106.81 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 374.63 अंक तक नीचे आ गया था.
इसी प्रकार 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 46.20 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 25,986 अंक पर आ गया. सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और बजाज फिनसर्व के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे.
दूसरी ओर लाभ में रहने वाले शेयर में टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं.
ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं संपत्ति प्रौद्योगिकी कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ” भारतीय रुपये के अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने के कारण शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए. इससे विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी जबकि मुद्रा की कमजोरी ने उनके डॉलर-समायोजित ‘रिटर्न’ पर असर डाला.” बीएसई मिडकैप में 0.95 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.43 प्रतिशत की गिरावट आई.
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा, ” डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने और रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार की धारणा प्रभावित हुई. इससे आयात लागत को लेकर चिंताएं बढ़ गईं और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी शुरू हो गई. इसके अलावा मौद्रिक समिति की बैठक से पहले सतर्कता और मिले-जुले वैश्विक संकेतों ने भी बाजार की सुस्ती को और बढ़ा दिया.” शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,642.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,645.94 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की सकारात्मक दायरे में रहे जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए. यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा. अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.99 प्रतिशत बढ़कर 63.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. सेंसेक्स मंगलवार को 503.63 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 143.55 अंक की गिरावट आई थी.
