राष्ट्रवाणी: HDFC बैंक ने जिमी टाटा को तीन साल के लिए होल-टाइम डायरेक्टर (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) नियुक्त किया है, जो आरबीआई की …और पढ़ें जिमी टाटा HDFC बैंक के नए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किए गए। V श्रीनिवासा रंगन की होल-टाइम डायरेक्टर पद पर दोबारा नियुक्ति हुई।
HDFC बैंक ने एक अतिरिक्त होल-टाइम डायरेक्टर पद को मंजूरी दी। बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के सबसे बड़े बैंक, HDFC बैंक ने जिमी टाटा को तीन साल के लिए ‘होल-टाइम डायरेक्टर’ (जिसे ‘एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर’ का पद दिया गया है) नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की मंजूरी मिलने पर लागू होगी। बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह नियुक्ति और उन्हें मिलने वाला वेतन, आरबीआई की मंज़ूरी की तारीख या सेंट्रल बैंक द्वारा बताई गई किसी अन्य तारीख या समय से लागू होगा। जिमी टाटा अभी बैंक के चीफ क्रेडिट ऑफिसर हैं।
उन्होंने जमनालाल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मास्टर ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट की डिग्री ली है और वे इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया से चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट हैं। उन्हें बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में 35 साल से ज्यादा का अनुभव है। टाटा ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत 1987 में स्ट्रैटेजिक कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंसल्टेंट के तौर पर की थी।
दो साल बाद, वे एप्पल इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जुड़े, जहां उन्होंने बाद में होलसेल लीजिग और हायर परचेज डिवीजन का नेतृत्व किया। वे 1994 में HDFC बैंक में कॉर्पोरेट बैंकिंग डिपार्टमेंट में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर शामिल हुए और बाद में इसके हेड बने। जून 2013 में, टाटा ने HDFC बैंक के ‘चीफ रिस्क ऑफिसर’ का पद संभाला।
HDFC बैंक में अपनी भूमिका के अलावा, टाटा इंटरनेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (IARC) और ‘HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड’ के बोर्ड में भी शामिल हैं। वह ‘HDB एम्प्लॉइज वेलफेयर ट्रस्ट’ के ट्रस्टी भी हैं। इस बीच, बोर्ड ने V श्रीनिवासा रंगन को ‘एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर’ के पद के साथ ‘होल-टाइम डायरेक्टर’ के तौर पर दोबारा नियुक्त करने को भी मंज़ूरी दे दी है।
यह नियुक्ति 23 नवंबर, 2026 से 22 नवंबर, 2027 तक एक साल के कार्यकाल के लिए होगी और इसके लिए ज़रूरी मंज़ूरी लेनी होगी। HDFC बैंक ने एक और ‘होल-टाइम डायरेक्टर’ का पद बनाने को मंज़ूरी दी है। इससे मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के अलावा, बैंक के बोर्ड में होल-टाइम डायरेक्टरों की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी।
बैंक ने कहा कि इस नए पद का मकसद अपनी सब्सिडियरी कंपनियों के साथ बेहतर तालमेल और निगरानी सुनिश्चित करना है, साथ ही सक्सेशन प्लानिंग (उत्तराधिकार योजना) के ढांचे को मजबूत करना भी है। HDFC बैंक ने अपनी फाइलिंग में कहा कि नए पद पर नियुक्ति, नए MD और CEO के कार्यभार संभालने के बाद उनसे सलाह-मशविरा करके की जाएगी।
बैंक ने यह भी कहा कि शेयरहोल्डर्स से जरूरी मंजूरी बाद में ली जाएगी। बैंक ने बताया कि HDFC बैंक ने मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के पदों के लिए दो उम्मीदवारों के नाम आरबीआई को भेजे हैं। एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, उम्मीदवारों के नामों को प्राथमिकता के क्रम में रखा गया था और साथ ही तीन साल के कार्यकाल के लिए प्रस्तावित वेतन का विवरण भी दिया गया था, जो आरबीआई की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
बैंक ने उनकी पहचान का खुलासा नहीं किया।

