राष्ट्रवाणी: अंतरिक्ष में 10 लाख सैटेलाइट भेजेगा SpaceX ! पर्यावरण का क्या होगा हाल?अंतरिक्ष में 10 लाख सैटेलाइट क्यों भेज रहे एलन मस्क, क्या इससे धरती का मौसम और ओजोन लेयर तबाह हो जाएगी?Edited by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 16:00 ISTएलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में 10 लाख सैटेलाइट भेजने की मंजूरी मिल गई है. इनकी मदद से अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाए जाएंगे. लेकिन वैज्ञानिकों को डर है कि इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट्स से अंतरिक्ष में कचरा बढ़ सकता है, वायुमंडल को नुकसान पहुंच सकता है और रात के आसमान का नजारा बदल सकता है. आखिर इस योजना से धरती और अंतरिक्ष के पर्यावरण पर क्या असर पड़ेगा?
अंतरिक्ष में बनेगा एआई डेटा सेंटर, 10 लाख सैटेलाइट से बढ़ेगा स्पेस जंक और प्रदूषण?दुनियाभर में प्रदूषण अब एक भयानक समस्या में तबदील हो चुका है. आलम ये है कि प्रदूषण की वजह से पिघलते ग्लेशियर और बढ़ते तापमान के चलते दुनिया के कई देशों के अस्तित्व पर ही खतरा आ गया है. लेकिन अभी तक बस धरती ही इसे झेल रही है, पर सोचिए तब क्या होगा जब अंतरिक्ष में भी ऐसा ही प्रदूषण होगा?
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और जिसे अमेरिकी सरकार ने मंजूरी भी दे दी है. अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने बुधवार को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी दे दी. पर अब वैज्ञानिकों की चिंताएं बढ़ गई हैं. उन्हें अंतरिक्ष में कचरा बढ़ने, वायुमंडल में प्रदूषण फैलने और रात के आसमान का नजारा बदलने का डर है. एलन मस्क की कंपनी इन सैटेलाइट्स की मदद से अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाएगी. इनकी संख्या इतनी ज्यादा होगी कि पृथ्वी की कक्षा में इस समय मौजूद सभी सक्रिय सैटेलाइट्स की कुल संख्या भी इसके सामने काफी कम पड़ जाएगी. न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ की खबर के अनुसार FCC ने कहा कि वह स्पेसएक्स के ‘स्टारमाइंड’ सैटेलाइट नेटवर्क को मंजूरी दे रहा है. इसका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए तेजी से बढ़ रही कंप्यूटिंग की जरूरत को पूरा करना है. स्पेसएक्स की स्टारलिंक सेवा ने बड़े सैटेलाइट नेटवर्क का दौर शुरू किया था. ऐसे नेटवर्क को मेगाकॉन्स्टेलेशन कहा जाता है. अब अमेजन और चीन की कंपनियां भी इसी तरह के सैटेलाइट नेटवर्क तैयार कर रही हैं. लेकिन स्टारमाइंड के लिए जितनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने की योजना है, उससे यह सिलसिला एक नए स्तर पर पहुंच जाएगा. स्टारमाइंड जैसी परियोजनाओं को लेकर पर्यावरण से जुड़े कुछ अहम सवाल हैं. 10 लाख सैटेलाइट से पर्यावरण पर क्या असर पड़ेगा?
वैज्ञानिकों और रेग्युलेटर एजेंसियों के बीच इस बात पर सहमति नहीं है कि स्टारमाइंड से पर्यावरण को कितना नुकसान हो सकता है. यह भी साफ नहीं है कि सैटेलाइट्स के अंतरिक्ष में भेजे जाने से पहले इस नुकसान का कितना सही अनुमान लगाया जा सकता है. हर सैटेलाइट के पंखों जैसी संरचना का फैलाव करीब 75 मीटर (246 फीट) होगा. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं ने हाल ही में एक अध्ययन में अनुमान लगाया कि 10 लाख सैटेलाइट भेजने से रॉकेट लॉन्च और सैटेलाइट्स के दोबारा वायुमंडल में प्रवेश करने के दौरान होने वाला उत्सर्जन मौजूदा स्तर से करीब 70 से 150 गुना तक बढ़ सकता है. शोधकर्ताओं का कहना है कि इससे निकलने वाले उत्सर्जन का असर ओजोन परत, जलवायु और हवा की गुणवत्ता पर पड़ सकता है. उनका यह भी कहना है कि स्पेसएक्स ने FCC को जो दस्तावेज दिए हैं, उनमें इन खतरों का पूरी तरह आकलन करने के लिए जरूरी जानकारी मौजूद नहीं है. हालांकि, FCC का कहना है कि ये सवाल उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते. Advertisementनियामक संस्था ने कहा, ‘रॉकेट लॉन्च से होने वाले उत्सर्जन और स्टारमाइंड सिस्टम के अप्रत्यक्ष नतीजे के रूप में इंसानी पर्यावरण पर पड़ने वाले असर से जुड़ी संभावित चिंताएं आयोग के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं.’ FCC ने यह भी कहा कि सैटेलाइट्स के वायुमंडल में जलने से होने वाले नुकसान को लेकर अभी पर्याप्त सबूत नहीं हैं. FCC के मुताबिक, ‘दूसरी चिंताएं, जिनमें सैटेलाइट्स के दोबारा वायुमंडल में प्रवेश के दौरान जलने से वायुमंडल पर पड़ने वाला असर भी शामिल है, अभी सिर्फ आशंकाएं हैं और उपलब्ध रिकॉर्ड में इनके समर्थन में पर्याप्त सबूत नहीं हैं.’ क्या अंतरिक्ष में कचरा बढ़ेगा?
पृथ्वी की निचली कक्षा (Low-Earth Orbit) में स्टारलिंक और प्रस्तावित स्टारमाइंड सैटेलाइट्स काम करेंगे. यह इलाका पहले से ही सैटेलाइट्स और अंतरिक्ष के दूसरे मलबे से भरता जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आज से अंतरिक्ष में भेजी जाने वाली सभी गतिविधियां बंद भी कर दी जाएं, तब भी वहां मौजूद मलबे की मात्रा बढ़ती रह सकती है. यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) के मुताबिक, 1 फरवरी तक पृथ्वी की कक्षा में 1 मिलीमीटर से लेकर 10 सेंटीमीटर (करीब 4 इंच) आकार तक के 23.1 करोड़ से ज्यादा मलबे के टुकड़े मौजूद थे. एजेंसी बार-बार अंतरिक्ष में टक्कर के खतरे को कम करने के लिए कदम उठाने की जरूरत पर जोर देती रही है. ‘रायटर्स’ की रिपोर्ट बताती है कि FCC को बाद में दिए गए एक जवाब में स्पेसएक्स ने बताया कि वह शुरुआत में परीक्षण के लिए सैटेलाइट्स को कम ऊंचाई वाली कक्षा में भेजेगा. इसके बाद उन्हें ज्यादा ऊंचाई पर पहुंचाया जाएगा. कंपनी का कहना है कि सैटेलाइट्स में लगे प्रोपल्शन सिस्टम यानी उन्हें आगे बढ़ाने वाले उपकरण कई काम करेंगे. इनकी मदद से सैटेलाइट्स टक्कर से बचने के लिए अपनी दिशा बदल सकेंगे, तय जगह पर बने रहेंगे और इस्तेमाल पूरा होने के बाद उन्हें उनकी कक्षा से बाहर निकाला जा सकेगा. कंपनी ने यह भी कहा कि वह सैटेलाइट्स के डिजाइन में लगातार सुधार करेगी, ताकि टक्कर का खतरा कम हो. सैटेलाइट्स को नियंत्रित तरीके से दोबारा वायुमंडल में प्रवेश कराया जाएगा और उनकी दिशा इस तरह रखी जाएगी कि वे समुद्र के ऊपर गिरें. स्पेसएक्स के मुताबिक, सैटेलाइट्स को इस तरह बनाया जाएगा कि वायुमंडल में प्रवेश करते समय वे पूरी तरह जलकर खत्म हो जाएं. लेकिन सैटेलाइट्स की इतनी बड़ी संख्या से खतरे का गणित बदल जाता है. यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम के प्रोफेसर ह्यू लुईस ने कहा कि अगर सिर्फ 1 फीसदी सैटेलाइट्स भी खराब हो जाते हैं, तो हर साल हजारों बेकार सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भटकते रह सकते हैं. इससे दूसरे सैटेलाइट्स से टकराने का खतरा बढ़ सकता है. रात के आसमान का नजारा कैसे बदल सकता है?
वैज्ञानिकों का कहना है कि रात के आसमान का नजारा काफी हद तक बदल सकता है. FCC की मंजूरी के बाद अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी ने कहा कि प्रस्तावित सैटेलाइट नेटवर्क खगोल विज्ञान से जुड़ी सुविधाओं पर दशकों से किए जा रहे सार्वजनिक निवेश को नुकसान पहुंचा सकता है. इससे वैज्ञानिकों के लिए ब्रह्मांड का अध्ययन करना भी मुश्किल हो जाएगा. ह्यू लुईस ने कहा कि स्टारमाइंड के कुछ सैटेलाइट्स को ‘सन-सिंक्रोनस’ कक्षा में रखा जाएगा. ऐसी कक्षा में मौजूद सैटेलाइट्स पर हमेशा सूरज की रोशनी पड़ती रहती है. इससे खगोल विज्ञान से जुड़ी तस्वीरों में उनकी रोशनी बाधा पैदा कर सकती है. क्या एक साथ 10 लाख सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजना संभव है?
ऐसा जल्दी करना संभव नहीं है. स्पेसएक्स के लिए एक ही बार में 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करना नामुमकिन होगा. अब तक स्पेसएक्स के एक रॉकेट से सबसे ज्यादा 143 सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे गए हैं. कई बार सैटेलाइट कंपनियां असल में जितने सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना बनाती हैं, उससे ज्यादा संख्या में सैटेलाइट भेजने की मंजूरी मांगती हैं. ऐसा इसलिए किया जाता है, ताकि भविष्य में सैटेलाइट के डिजाइन और नेटवर्क में बदलाव करने की गुंजाइश बनी रहे. जैसे स्टारलिंक नेटवर्क की शुरुआत से पहले स्पेसएक्स ने 42,000 सैटेलाइट्स भेजने की मंजूरी मांगी थी. इस नेटवर्क में फिलहाल 11,000 से कुछ ज्यादा सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में मौजूद हैं. FCC की मंजूरी के मुताबिक, स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक स्टारमाइंड का पहला सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजना होगा. 2038 तक कुल सैटेलाइट्स में से आधे अंतरिक्ष में पहुंचाने होंगे और 2040 तक पूरे नेटवर्क को तैनात करना होगा. अब तक किसी भी कंपनी ने अंतरिक्ष में 10 लाख वस्तुएं नहीं भेजी हैं.About the AuthorNews Editorदीपिका शर्मा पिछले 7 सालों से News18 Hindi से जुड़ी हुई हैं और इन दिनों ‘नॉलेज’ सेक्शन के लिए देश-दुनिया की खबरों पर डिटेल और लॉन्ग-रीड आर्टिकल्स लिखने में माहिर हैं. इतिहास के पन्नों …लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :OtherFirst Published :November 28, 2026, 16:00 ISTऔर पढ़ें

