राष्ट्रवाणी: 25 साल से गेंदे की खेती कर रहे हैं मोहम्मद सफीक, सालाना 6 लाख तक कमाई25 साल से गेंदे की खेती कर रहे हैं मोहम्मद सफीक, सालाना 6 लाख तक कमाई; कोलकाता से मंगाते हैं बीजEdited by:Agency:Last Updated:November 21, 2026, 11:10 ISTसीवान के मोहम्मद सफीक 25 साल से गेंदा उगा रहे हैं. हेडिंग में सालाना 6 लाख कमाई की बात है. जबकि खबर में एक फसल पर 60 हजार लागत और एक लाख आमदनी से सालाना करीब 3 लाख कमाई का जिक्र है. वे कोलकाता से बीज लाते हैं.ख़बरें फटाफट सीवान: खेती-किसानी को घाटे का सौदा समझने वालों के लिए सीवान जिले के महाराजगंज के एक किसान की सफलता की कहानी किसी मिसाल से कम नहीं है. यहां के किसान पारंपरिक खेती से हटकर फूलों की खेती के जरिए न सिर्फ अच्छी कमाई कर रहे हैं, बल्कि दूसरे किसानों को भी आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखा रहे हैं. महाराजगंज प्रखंड के इंदौली गांव निवासी मोहम्मद सफीक पिछले 25 वर्षों से गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं. अपनी मेहनत, अनुभव और खेती के प्रति लगन के दम पर उन्होंने इस कारोबार को आजीविका का मजबूत जरिया बना लिया है. खास बात यह है कि उनके इस प्रयास से क्षेत्र के दर्जनों अन्य किसान भी फूलों की खेती के प्रति आकर्षित हो रहे हैं. दो एकड़ में अफ्रीकी गेंदा की खेती किसान मोहम्मद सफीक इस बार करीब दो एकड़ जमीन में अफ्रीकी गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं. इस खेती पर उन्हें लगभग 60 हजार रुपये की लागत आई है. उनका अनुमान है कि तैयार फूलों की बिक्री से करीब एक लाख रुपये तक की आमदनी होगी. सफीक बताते हैं कि फूलों की खेती में सही किस्म का चुनाव, समय पर सिंचाई और उचित देखभाल से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है. यही वजह है कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार इस कारोबार से जुड़े हुए हैं. अफ्रीकी गेंदा की बाजार में अधिक मांग मोहम्मद सफीक के अनुसार, आकार और पौधों की बनावट के आधार पर गेंदा फूल की दो प्रमुख किस्में अफ्रीकी गेंदा और फ्रेंच गेंदा हैं. फ्रेंच गेंदा के पौधे अपेक्षाकृत छोटे होते हैं, जबकि अफ्रीकी गेंदा के पौधे बड़े और फूल भी आकार में आकर्षक होते हैं. बाजार में अफ्रीकी गेंदा फूल की मांग अधिक रहने के कारण वह इसी किस्म की खेती को प्राथमिकता देते हैं. उनका मानना है कि इस किस्म में लागत के मुकाबले उत्पादन और कमाई की अच्छी संभावना रहती है. सालाना छह लाख तक आमदनी सफीक की खेती की सबसे खास बात यह है कि वह साल में मौसम के अनुसार तीन बार गेंदा फूल की फसल तैयार करते हैं।
उनके मुताबिक, एक बार की खेती में लगभग 60 हजार रुपये खर्च होते हैं और बिक्री से करीब एक लाख रुपये तक की आमदनी हो सकती है। इस हिसाब से सालभर में तीन फसलें लेने पर कुल लागत लगभग 1.80 लाख रुपये तक पहुंचती है, जबकि उनकी बताई गई अनुमानित सालाना आमदनी करीब तीन लाख रुपये तक हो सकती है। हालांकि, खेती के मौसम, उत्पादन और बाजार भाव के अनुसार कमाई में बदलाव संभव है।
कोलकाता से मंगाते हैं बीज अफ्रीकी गेंदा की खेती के लिए मोहम्मद सफीक पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बीज मंगाते हैं. सबसे पहले बीज को मिट्टी में डालकर नर्सरी तैयार की जाती है. जब पौधे रोपाई के लायक हो जाते हैं, तब उन्हें तैयार खेतों में लगाया जाता है. इसके बाद समय-समय पर खाद, सिंचाई और जरूरी देखभाल की जाती है. लगभग तीन महीने में फूल तैयार हो जाते हैं. इसके बाद फूलों की कटाई कर उन्हें बाजार में बिक्री के लिए भेज दिया जाता है. जमीन लीज पर लेकर कर रहे खेती मोहम्मद सफीक के पास अपनी पर्याप्त कृषि भूमि नहीं है. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और करीब दो बीघा जमीन लीज पर लेकर फूलों की खेती शुरू की. इसके लिए उन्हें जमीन मालिक को सालाना 20 हजार रुपये किराया देना पड़ता है. सफीक बताते हैं कि उनके पूर्वज भी फूलों की खेती के कारोबार से जुड़े थे. उन्होंने परिवार के बुजुर्गों से ही इस काम की बारीकियां सीखीं और पिछले 25 वर्षों से इसे आगे बढ़ा रहे हैं. आज इसी कारोबार से उनके परिवार के करीब 15 लोगों की आजीविका चलती है. दूसरे किसानों को भी बनाएंगे आत्मनिर्भर मोहम्मद सफीक का कहना है कि अब तक उन्हें सरकार की ओर से फूलों की खेती के लिए कोई सब्सिडी नहीं मिली है और न ही बैंक से कोई ऋण सुविधा मिल सकी है. उनका मानना है कि यदि सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, कृषि ऋण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वह कम से कम 10 एकड़ जमीन में फूलों की खेती कर सकते हैं. इससे न सिर्फ उनका कारोबार बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी रोजगार और कमाई का बेहतर अवसर मिलेगा. सफीक बताते हैं कि वह महाराजगंज के दर्जनों किसानों को गेंदा फूल की खेती करने का तरीका भी समझा रहे हैं, ताकि किसान केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर न रहें और खेती के जरिए अपनी आमदनी बढ़ा सकें. उनका प्रयास है कि क्षेत्र में फूलों की खेती को बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक किसान आत्मनिर्भर बनें. महाराजगंज के इंदौली गांव के मोहम्मद सफीक की यह कहानी बताती है कि अगर मेहनत, अनुभव और सही दिशा हो तो खेती भी सम्मानजनक कमाई और रोजगार का मजबूत साधन बन सकती है. जरूरत है तो बस किसानों को सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलने की.About the Authorप्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई. इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…Location :Siwan,BiharFirst Published :November 21, 2026, 11:10 ISTऔर पढ़ें

