राष्ट्रवाणी: भारत-नेपाल की पहली ट्रेन: एंट्री, बच्चों का किराया और लगेज के लिए पूरी जानकारीक्या हैं भारत से नेपाल जाने वाली पहली ट्रेन के नियम? एंट्री, बच्चों का किराया, लगेज तक के लिए स्पेशल रूल जानिएWritten by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 16:48 ISTIndia-Nepal Train News: भारत और नेपाल के बीच सीधी रेल यात्रा करने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच शुरू होने जा रही सरयू कमला एक्सप्रेस से दोनों देशों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 23 नवंबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी. इसकी नियमित सेवा शुरू होने से पहले रेलवे ने टिकट बुकिंग, किराया, बच्चों के टिकट और सामान ले जाने से जुड़े नियम जानने जरूरी हैं.अयोध्या से नेपाल जाने वाली पहले पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने से पहले जान लें ये सभी नियम वरना ट्रेन पर चढ़ भी नहीं पाएंगे. India-Nepal Train Ticket Booking Rule: भारत और नेपाल के बीच पहली बार सीधी ट्रेन चलने जा रही है. इस ट्रेन का नाम ‘सरयू कमला एक्सप्रेस’ है. ये ट्रेन अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली है. इसे लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह है. चूंकि ये ट्रेन भारत से नेपाल जा रही है, तो इसके लिए इंटरनेशनल बॉर्डर वाले रूल अप्लाई होते हैं. तो इस ट्रेन में सफर करने से पहले लोगों को रेलवे के खास नियम जान लेना बहुत जरूरी है. इस गाड़ी में न तो तत्काल टिकट मिलेगा और न ही आरएसी की सुविधा होगी. इसके अलावा बच्चों के किराए और सामान ले जाने की सीमा भी तय कर दी गई है. कन्फर्म टिकट वालों को ही मिलेगी ट्रेन में एंट्री: सरयू कमला एक्सप्रेस पूरी तरह आरक्षित ट्रेन के रूप में चलेगी. इसका मतलब है कि इसमें बिना कन्फर्म टिकट के यात्रा नहीं की जा सकेगी. ईस्ट सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के मुताबिक, ट्रेन संख्या 15595 और 15596 में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही चढ़ने की अनुमति होगी. इस सेवा में आरएसी की सुविधा भी नहीं मिलेगी. इसलिए यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों को पहले से सीट आरक्षित करानी होगी. पीएम मोदी ने 23 नवंबर को दिखाया था हरी झंडी. टिकट बुकिंग में नहीं मिलेगा तत्काल का विकल्प इस ट्रेन में टिकट बुकिंग केवल जनरल कोटे के तहत होगी. कुल आरक्षित सीटों में 70 फीसदी एंड-टू-एंड कोटा और 30 फीसदी रोडसाइड कोटा निर्धारित किया गया है. यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि तत्काल और प्रीमियम तत्काल के तहत टिकट नहीं मिलेगा. इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक, महिला और इमरजेंसी कोटे की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. यानी टिकट लेने के लिए सामान्य आरक्षण व्यवस्था पर ही निर्भर रहना पड़ेगा. बच्चे के लिए अलग बर्थ बुक कराई तो देना होगा पूरा किराया परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए बच्चों के टिकट का नियम जानना जरूरी है. अगर माता-पिता बच्चे के लिए अलग बर्थ आरक्षित कराते हैं तो उन्हें वयस्क यात्री के बराबर पूरा किराया देना होगा. वहीं, अतिरिक्त बर्थ नहीं लेने की स्थिति में बच्चे पर लागू किराया वसूला जाएगा. टिकट बनवाते समय बच्चे का नाम, उम्र, लिंग, राष्ट्रीयता और जरूरी पहचान संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसलिए बुकिंग के दौरान सभी विवरण सही भरना जरूरी है. कितना होगा ट्रेन का किराया?
Advertisementसरयू कमला एक्सप्रेस का मूल किराया चुनी गई श्रेणी के लिए लागू सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन के किराये के बराबर रखा जाएगा. हालांकि, यात्रियों को केवल बेसिक फेयर ही नहीं देना होगा. सीट आरक्षण शुल्क, लागू अतिरिक्त चार्ज और जीएसटी भी अलग से जोड़े जाएंगे. इसलिए टिकट की कुल कीमत यात्रा की श्रेणी और संबंधित शुल्क के आधार पर तय होगी. अलग-अलग कोच में सफर करने वाले यात्रियों का भुगतान भी उसी हिसाब से होगा. कितना सामान लेकर जा सकेंगे यात्री?
इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अधिकतम दो पीस सामान ले जाने की अनुमति होगी. हालांकि, वजन की सीमा यात्रा की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग तय की गई है. फर्स्ट एसी में 70 किलो तक सामान ले जा सकेंगे. सेकंड एसी के यात्रियों के लिए यह सीमा 50 किलो है. वहीं, थर्ड एसी और स्लीपर क्लास में सफर करने वालों को 40-40 किलो तक सामान ले जाने की छूट होगी. तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अतिरिक्त शुल्क लागू हो सकता है. भारत और नेपाल के बीच सफर होगा आसान अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट सरयू कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के बीच सीधी यात्री रेल सेवा के रूप में अहम मानी जा रही है. इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी. धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के लिहाज से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है. नियमित सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग के अलावा रेल से सफर करने का विकल्प मिलेगा. यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान इस ट्रेन से सफर करने वालों को कन्फर्म टिकट, सही यात्री विवरण और सामान की तय सीमा का खास ध्यान रखना होगा. तत्काल, आरएसी और अन्य विशेष कोटे उपलब्ध नहीं होने के कारण आखिरी समय पर टिकट मिलने की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए. बच्चों के लिए अलग बर्थ लेने पर पूरा वयस्क किराया देना होगा. नियमित व्यावसायिक सेवा की शुरुआत से जुड़ी तारीख और अन्य परिचालन संबंधी जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना देखना जरूरी है.About the AuthorSub-Editorसिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :Ayodhya,Faizabad,Uttar PradeshFirst Published :November 28, 2026, 16:33 ISTऔर पढ़ें

