राष्ट्रवाणी: हवाई यात्रा में एयरलाइंस द्वारा जानबूझकर सीटों से ज्यादा टिकट बेचना ‘ओवरबुकिंग’ कहलाता है, जिसकी असल वजह खाली सीटों से होने वाले नुकसान से बचना है। एयरलाइंस क्यों बेचती हैं सीटों से ज्यादा टिकट? (Image Source: एआई-Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली।
हवाई सफर की अपनी अलग ही टेंशन होती है। कभी भारी भरकम सामान की फिक्र, कभी एयरपोर्ट की थकाऊ सिक्योरिटी चेकिंग, तो कभी मन में बना टर्बुलेंस और हादसों का डर। ऐसे में, जरा सोचिए आप इन सारे झमेलों से बचकर फाइनली अपने बोर्डिंग गेट तक पहुंचें और वहां आपको पता चले कि आपकी कन्फर्म टिकट के बावजूद फ्लाइट में आपके लिए कोई जगह ही नहीं है।
वाकई यह किसी बुरे सपने जैसा लगता है, लेकिन एविएशन की दुनिया में इसे ‘बम्पिंग’ कहा जाता है। ऐसा तब होता है जब एयरलाइंस अपनी क्षमता से ज्यादा टिकट बेच देती हैं। पर सवाल यह है कि आखिर कोई भी एयरलाइन जानबूझकर ऐसा क्यों करती है?
आइए इसके पीछे का सच समझते हैं। इस पूरे खेल के पीछे का सबसे बड़ा कारण है- मुनाफा। हर एयरलाइन की यही कोशिश होती है कि उसका विमान पूरा भरकर उड़े।
असल में, हर उड़ान में कुछ यात्री ऐसे होते हैं जो या तो अपनी टिकट कैंसल कर देते हैं या फिर ऐन मौके पर फ्लाइट पकड़ने ही नहीं आते, जिसे ‘नो-शो’ कहा जाता है। एयरलाइंस के लिए एक भी खाली सीट का मतलब है घाटा। इसी नुकसान की भरपाई करने और यह पक्का करने के लिए कि हर एक सीट से पैसा आए, एयरलाइंस ‘ओवरबुकिंग’ यानी सीटों से ज्यादा टिकट बेचने का रास्ता चुनती हैं।
अब आप सोचेंगे कि एयरलाइंस को कैसे पता चलता है कि कितने लोग नहीं आएंगे? इसके लिए वे उसी रूट की पुरानी उड़ानों के आंकड़ों का सहारा लेती हैं। इसे एक उदाहरण से समझते हैं।
मान लीजिए, दिल्ली से मुबंई जाने वाली फ्लाइट के पुराने रिकॉर्ड बताते हैं कि इस रूट पर औसतन 5 यात्री सफर करने नहीं आते। इसी डेटा के आधार पर एयरलाइन पहले से ही 5 फालतू टिकट बेच देगी। हालांकि, यह गणित हमेशा सटीक नहीं बैठता।
कई बार सारे के सारे यात्री पहुंच जाते हैं और सीटें कम पड़ जाती हैं। जब ऐसा होता है, तो फ्लाइट को उड़ान भरने से पहले एयरलाइन और उन यात्रियों के बीच एक समझौता करना पड़ता है। इसके बदले में एयरलाइन उन्हें अगली किसी फ्लाइट का टिकट, रिफंड या फिर आगे के सफर के लिए एयर-ट्रैवल वाउचर देकर मनाती है।
ओवरबुकिंग की यह रणनीति आखिरी समय में टिकट खरीदने वालों के लिए बड़ी फायदेमंद साबित होती है। अगर उड़ान से ठीक पहले विमान में कुछ सीटें खाली बच जाती हैं, तो एयरलाइंस उन्हें डिस्काउंट पर बेच देती हैं। इससे एयरलाइन को वो कमाई भी मिल जाती है, जो सीट खाली जाने पर पूरी तरह डूब जाती।
जब किसी यात्री को फ्लाइट से बम्प करने की नौबत आती है, तो एयरलाइंस सभी के साथ एक जैसा सुलूक नहीं करतीं। इस मामले में इकोनॉमी और बिजनेस क्लास के यात्रियों पर सबसे ज्यादा गाज गिरती है। एयरलाइंस ‘फर्स्ट-क्लास’ के यात्रियों से कभी पंगा नहीं लेतीं, क्योंकि एक फ्लाइट में सबसे ज्यादा कमाई उन्हीं से होती है।
इसके अलावा, एयरलाइंस कुछ खास यात्रियों को भी बम्प करने से बचती हैं, जैसे: इसके उलट, अगर आप कभी-कभार उड़ान भरते हैं या फिर बिल्कुल आखिरी मिनट पर चेक-इन करने पहुंचते हैं, तो आपकी सीट छिनने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

