राष्ट्रवाणी: अभिनेता रणबीर कपूर ने अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण की रिलीज से पहले भगवान राम को लेकर चर्चा की है। अभिनेता रणबीर कपूर (फोटो क्रेडिट- एक्स) मुंबई में हुआ रामायण का स्पेशल इवेंट एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। फिल्मकार नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी अभिनेता रणबीर कपूर की अगली फिल्म रामायण (Ramayana) की रिलीज में अब लगभग 40 दिन ही शेष रह गए हैं।
ऐसे में शनिवार को मुंबई में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा की अगुवाई में एक समारोह रखा गया। जिसमें दुनिया के नंबर एक यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट (जिमी डोनाल्डसन) बतौर मुख्य मेहमान शामिल हुए। हालांकि, समारोह का सारा मजा अति विलंब होने के कारण किरकिरा हो गया।
तीन घंटे से ज्यादा विलंब से शुरू होने के बाद पूरा समारोह सिर्फ 19 मिनट में खत्म कर दिया गया। सबसे पहले मिस्टर बीस्ट की उपस्थिति में हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। फिर उन्होंने खुशी जताते हुए जय श्री राम का जयघोष किया।
फिल्म में भगवान श्री राम की भूमिका निभा रहे अभिनेता रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) ने भी जय श्री राम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारे के साथ अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा- भगवान राम और रामायण हमारी आत्मा में बहुत गहराई से बसे हुए हैं। भगवान राम ने कभी हीरो बनने की कोशिश नहीं की, वह हमेशा से मर्यादा पुरुषोत्तम के तौर पर जाने गए, जो एक आदर्श पुरुष के प्रतीक थे।
वह भगवान थे, राजकुमार थे, अपने जीवन में कुछ भी प्राप्त कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपने पिता को दिए वचनों, अपने कर्तव्य और धर्म के लिए सब कुछ बलिदान कर दिया। उन्होंने एक परफेक्ट पुरुष का उदाहरण सेट किया। मुझे उम्मीद है कि इस फिल्म के माध्यम से लोगों को हमारी संस्कृति और हमारे इतिहास के बारे में जानने का मौका मिले।
इस दौरान नमित मल्होत्रा, रणबीर और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे अभिनेता रवि दुबे ने मंच के बीच में रखे धनुष को भी उठाया। फिल्म रामायण पार्ट-1 की रिलीज का फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस साल की बहुचर्चित मूवी को तौर पर इसको लेकर जबरदस्त क्रेज भी नजर आ रहा है।
मालूम हो कि आने वाली दीवाली यानी 8 नवंबर 2026 को रामायण पार्ट-1 सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इतना ही नहीं विदेशों में रणबीर की रामायण 6 नवंबर को बड़े पर्दे पर प्रदर्शित की जाएगी।
