राष्ट्रवाणी: अभिनेता अरशद वारसी ने कॉमेडी फिल्मों, खासकर सेक्स कॉमेडी को लेकर अपनी राय साझा की है, जिसमें उन्होंने बताया कि वे ऐसी फिल्में क्यों नहीं करेंगे। एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। इस साल कई फैमिली एंटरटेनर फिल्में आईं।
इसके अलावा एक्शन ड्रामा और थ्रिलर के बीच कॉमेडी फिल्मों की भी वापसी हुई। अब इस पर एक्टर अरशद वारसी (Arshad Warsi) ने अपनी राय रखी है। अरशद वारसी हाल ही में ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ जैसी फिल्मों में नजर आए थे।
इसके अलावा ओटीटी पर रिलीज हुई उनकी फिल्म घमासान काफी चर्चा में रही। एक्टर ने अब कॉमेडी जॉनर पर अपनी राय रखी है। उन्होंने यह भी बताया कि वे कभी सेक्स कॉमेडी फिल्में क्यों नहीं करेंगे।
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में अरशद ने सेक्स कॉमेडीज के बारे में कहा,’मुझे कॉमेडी फिल्में पसंद हैं और मैं उनका मजा लेता हूं। मुझे अच्छा लगता है जब कॉमेडी फिल्में अच्छा करती हैं क्योंकि कॉमेडी लिखना बहुत मुश्किल काम है; बहुत कम लोग ही ऐसा कर पाते हैं। मुझे बस सेक्स कॉमेडीज से दिक्कत है।
मैं खुद को ऐसी फिल्में करने के लिए तैयार नहीं कर पाता।’ अरशद वारसी ने मल्टीस्टारर फिल्मों पर भी बात की,जिसमें हर एक्टर सहज महसूस नहीं करता। उन्होंने कहा, ‘वेलकम टू द जंगल’ (Welcome To The Jungle) ने एन्सेम्बल कास्ट (कई सारे हीरो-हीरोइन) वाली फिल्मों को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया।
इंडस्ट्री के आधे लोग उसमें थे। जिनके पास कोई काम नहीं था, वे सभी वहां थे। एक सुरक्षित महसूस करने वाला एक्टर हमेशा सुरक्षित ही रहता है, चाहे वह सोलो फिल्म हो या एन्सेम्बल कास्ट वाली फिल्म।
एक असुरक्षित एक्टर हमेशा असुरक्षित ही रहेगा। यह एक्टर का स्वभाव होता है।’ उन्होंने आगे कहा कि ओटीटी (OTT) मीडियम की वजह से एक्टर्स अब मल्टी-स्टारर फिल्मों या शो का हिस्सा बनने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं। उन्होंने बताया,’मैं इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं हूं, न ही मैं कोई ‘नेपो किड’ हूं, इसलिए मेरे जैसे लोगों के लिए यहां जगह बनाना मुश्किल है।
अगर OTT नहीं होता, तो शायद मैं भी बेरोजगार होता, और बहुत से दूसरे लोग भी।’ बता दें कि साल 2026 में अरशद वारसी ने इंडस्ट्री में 30 साल पूरे कर लिए हैं। अपने पूरे करियर में, इस एक्टर की एक साल में सबसे ज्यादा फिल्में रिलीज हुईं। ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘जीवन या बीमा कॉन?’ के अलावा, वह वेब सीरीज़ ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में भी नजर आए।
अब वो शाह रुख खान की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे।
