कर्नाटक के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़’ के फैंस के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शो के स्टूडियो को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया है। यह स्टूडियो बेंगलुरु दक्षिण जिले के बिदाड़ी इलाके में स्थित है, जहां कई वर्षों से शो की शूटिंग की जा रही थी।

पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन का मामला

केएसपीसीबी की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, ‘वेल्स स्टूडियोज एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने बिना जरूरी अनुमति के बड़े पैमाने पर एंटरटेनमेंट और स्टूडियो संचालन शुरू कर रखा था। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि स्टूडियो ने वाटर (प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन) एक्ट, 1974 और एयर (प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन) एक्ट, 1981 के तहत आवश्यक मंजूरी नहीं ली थी।

बोर्ड द्वारा जारी पत्र में कहा गया?

बोर्ड द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया- ‘आपके परिसर में बड़े पैमाने पर मनोरंजन गतिविधियां और स्टूडियो संचालन किए जा रहे हैं, जबकि इसके लिए जरूरी स्थापना और संचालन की सहमति प्राप्त नहीं की गई है। अतः सभी गतिविधियां तत्काल बंद की जाएं और निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए।’

प्रशासन को भेजी गई रिपोर्ट

बोर्ड ने यह आदेश 6 अक्टूबर 2025 को जारी किया और साथ ही इसकी प्रतियां रमणगरा जिले के डिप्टी कमिश्नर, बेसकॉम के प्रबंध निदेशक और विद्युत अभियंता को भी भेजी गई हैं। उन्हें इस निर्देश के पालन में सहयोग करने के लिए कहा गया है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया, तो कंपनी के खिलाफ कानूनी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वर्षों से बिदाड़ी में होती थी शूटिंग

‘बिग बॉस कन्नड़’ का यह स्टूडियो पिछले कई सीजन से बिदाड़ी के विशेष रूप से निर्मित सेट में स्थित है। इस शो की मेजबानी किच्चा सुदीप करते हैं और यह कर्नाटक के सबसे लोकप्रिय टीवी शोज में से एक है। शो अपनी भव्य प्रोडक्शन क्वालिटी और उच्च दर्शक सहभागिता के लिए जाना जाता है।

शो के भविष्य पर सवाल

हालांकि इस आदेश के बाद शो की शूटिंग और प्रसारण पर तत्काल असर पड़ सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निर्माता इस कानूनी विवाद से कैसे निपटते हैं- क्या वे किसी नए लोकेशन की तलाश करेंगे या पर्यावरण मंजूरी लेकर दोबारा संचालन शुरू करेंगे। यह मामला न सिर्फ मनोरंजन जगत बल्कि पर्यावरण नियमों के अनुपालन पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version