राष्ट्रवाणी: Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर से कोलकाता के बीच संचालित सीधी फ्लाइट सेवा को लेकर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. एलायंस एयर की इस सेवा के समय में अप्रैल में बदलाव किया गया था और इसे अंबिकापुर से जोड़कर संचालित किया गया. अब बिलासपुर से कोलकाता की सीधी कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई है. फ्लाइट सेवा बहाल करने की मांग के बीच बिलासपुर की एयर कनेक्टिविटी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. बिलासपुर. चकरभाठा क्षेत्र में 12 साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. पुलिस ने बच्ची को बरामद करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. बिलासपुर. बिल्हा क्षेत्र में बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ विभाग ने अभियान चलाकर 102 कनेक्शन काटे. कार्रवाई के दौरान 25 उपभोक्ताओं ने मौके पर 9.50 लाख रुपये का बकाया जमा किया, जिसके बाद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई. वहीं, बकाया नहीं चुकाने वाले 71 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई. इसके अलावा पुराना बकाया होने के बावजूद डायरेक्ट लाइन जोड़कर बिजली इस्तेमाल करने वाले 6 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. अब मस्तुरी, कोटा और बेलतरा क्षेत्र में भी बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बिलासपुर. कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर हमले की साजिश के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी के नेपाल भाग जाने की जानकारी सामने आई थी. तारबाहर पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई. इस मामले में पहले ही 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांजगीर-चांपा. नाबालिग का अपहरण कर बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को न्यायालय द्वारा भादवि की धारा 363 के लिए 7 वर्ष के सश्रम कारावास व 200 रुपए अर्थदण्ड, धारा 366 के लिए 10 वर्ष के सश्रम कारावास व 300 रुपए के अर्थदण्ड तथा धारा 5/6 पाक्सो एक्ट के अपराध के लिए 20 वर्ष का सश्रम कारावास व 500 रुपए के अर्थदण्ड से दंडित किया गया है. चंद्रप्रताप सिंह विशेष लोक अभियोजक (पाक्सो) जांजगीर के अनुसार प्रार्थी, पीड़िता के पिता ने 15 जून 2022 को थाना बिर्रा में इस आशय की लिखित शिकायत दी थी कि 14 जून 2022 की रात्रि लगभग 9 बजे वह एवं उसका परिवार खाना खाकर सोने के लिए अपने अपने कमरे में चले गये थे और उसकी अवयस्क पुत्री, पीड़िता अपने कमरे में अकेली सोई हुई थी. अगले दिन 15 जून की सुबह लगभग 5 बजे पीड़िता की मां उसे उठाने के लिए उसके कमरे में गई तो देखा कि पीड़िता अपने कमरे में नहीं थी. आस-पड़ोस और रिश्तेदारों में पता तलाश किया गया, परंतु उसका कुछ पता नहीं चला. प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत उक्त शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 363 भारतीय दंड संहिता का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गयी. विवेचना के दौरान पीड़िता को बरामद कर कथन महिला पुलिस अधिकारी से कराया गया. पीड़िता ने बताया कि अभियुक्त रमेश पटेल शादी का प्रलोभन देकर उसे बहला फुसला कर अपने साथ जम्मू ले गया था. वहां किराये के मकान में अभियुक्त ने उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाया था, जिससे प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 366, 376 तथा लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4, 6 को जोड़ा गया. तत्पश्चात विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया. अभियोजन द्वारा कुल 7 गवाहों का कथन कराया गया. अभियोजन साक्षियों के न्यायालयीन कथनों के विश्लेषण कर रविन्दर कौर अपर सत्र न्यायाधीश एफटीएससी (पाक्सो) जांजगीर ने पाया कि अपराध कारित किया गया है. अभियुक्त रमेश पटेल पिता हीरालाल पटेल, उम्र 18 वर्ष 9 माह निवासी ग्राम सिलादेही, थाना बिर्रा को दंडित किया गया. बिलासपुर. रतनपुर के बड़ी बाजार में बटनदार चाकू दिखाकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी निजाम अली उर्फ अश्शू पर इंस्टाग्राम पर चाकू लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने का भी आरोप है. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और उसके पास से बटनदार चाकू जब्त किया. मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version