राष्ट्रवाणी: Rule change: दिसंबर महीने से कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होंगे जो आम आदमी की जेब और निवेश को प्रभावित करेंगे। SBI क्रेडिट कार्ड से Aadhar कार्ड तक; क्या-क्या बदलेगा? SBI क्रेडिट कार्ड पर ट्रांसपोर्टेशन, फ्यूल खर्च पर अतिरिक्त शुल्क।
कमोडिटी ट्रेडिंग के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे। आधार में ईमेल अपडेट 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त सुविधा। बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: दिसंबर का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही आम लोगों की जेब, बैंकिंग और निवेश से जुड़े कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं।
1 दिसंबर 2026 से SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज देना होगा। वहीं, कमोडिटी बाजार में ट्रेडिंग करने वालों के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे। इसके अलावा आधार में ईमेल अपडेट कराने की मुफ्त सुविधा और पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की आखिरी तारीख भी बेहद करीब है।
LPG सिलेंडर की कीमतों में भी हर महीने की तरह 1 दिसंबर को समीक्षा होगी। ऐसे में महीने की शुरुआत से पहले इन बदलावों को जानना (December rule change) जरूरी है। अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो 1 दिसंबर से आपको कुछ खास ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है।
SBI Card ने ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल से जुड़े बड़े ट्रांजैक्शन पर 1% फीस लगाने का फैसला किया है। अगर किसी बिलिंग साइकिल में आपके SBI क्रेडिट कार्ड से कुल फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1% फीस लगेगी। 1 दिसंबर से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करने वालों के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे।
अब कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव यानी वोलैटिलिटी के आधार पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन तय होगा। इसके अलावा कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क 2 दिन और ज्यादा वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए 3 दिन होगा। इससे ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन के हिसाब से ज्यादा या कम फंड रखना पड़ सकता है।
SEBI के नए नियमों के तहत NRI, OCI और FATF के नियमों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले योग्य विदेशी निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया आसान होने जा रही है। 3 दिसंबर से योग्य निवेशक SEBI के साथ रजिस्टर्ड इंटरमीडियरी के जरिए रिमोट तरीके से KYC पूरी कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी।
इससे विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय शेयर बाजार में निवेश करना आसान हो सकता है। आधार कार्ड में अपना ईमेल एड्रेस अपडेट कराना चाहते हैं तो आपके पास 31 दिसंबर 2026 तक का मौका है। UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट कराने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस को 6 महीने के लिए माफ किया है।
यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी और 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है। पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना जरूरी होता है।
पेंशनर्स डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण के जरिए ऑनलाइन भी अपना सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। अगर तय समय तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया जाता है तो पेंशन के भुगतान में देरी या रुकावट आ सकती है। हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं।
ऐसे में 1 दिसंबर को भी घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी हो सकती हैं। दिसंबर में रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होगी। इस बैठक में रेपो रेट को लेकर फैसला लिया जाएगा।
अगर आरबीआई रेपो रेट में बदलाव करता है तो इसका असर होम लोन और पर्सनल लोन जैसे कर्ज की ब्याज दरों पर पड़ सकता है।

