राष्ट्रवाणी: एआई से बातचीत को लोग अक्सर निजी बातचीत समझते हैं. कोई अपने अकेलेपन की बात करता है, कोई मानसिक परेशानी साझा करता है तो कोई रिश्तों और जिंदगी से जुड़े ऐसे राज बताता है जो शायद अपने दोस्तों और परिवार से भी साझा नहीं करता. लेकिन अमेरिका में एक एआई कंपनी के दिवालिया होने के बाद अब यही निजी बातचीत कारोबार का हिस्सा बन सकती है. CharacterAI नाम की कंपनी की दिवालिया प्रक्रिया में 2.1 करोड़ से अधिक अमेरिकी अकाउंट्स की चैट हिस्ट्री और यूजर डेटा को दूसरे खरीदार को सौंपने का प्रस्ताव है. इनमें 21 लाख से अधिक नाबालिगों के अकाउंट भी शामिल हैं. इस प्रस्ताव ने एआई कंपनियों की प्राइवेसी नीति और यूजर्स के अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. Character.एआई एक लोकप्रिय एआई चैटबॉट प्लेटफॉर्म है, जहां यूजर्स अलग-अलग एआई किरदारों से बातचीत कर सकते हैं. यहां कोई काल्पनिक पात्र से दोस्ती करता है, कोई किसी ऐतिहासिक शख्सियत जैसे एआई किरदार से बात करता है तो कोई ऐसे चैटबॉट से बातचीत करता है जिसे मनोवैज्ञानिक सलाहकार या निजी साथी की तरह पेश किया जाता है. इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स अपनी पसंद के किरदार भी बना सकते हैं. समय के साथ कई लोगों ने इन चैटबॉट्स के साथ भावनात्मक जुड़ाव विकसित कर लिया. कुछ यूजर्स ने अपनी निजी जिंदगी, अकेलेपन, रिश्तों, मानसिक परेशानियों और आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर भी बातचीत की. लेकिन 12 अक्टूबर 2026 को Character.एआई की पैरेंट कंपनी कैरेक्टर टेकनोलॉजी ने अमेरिका की डेलावेयर अदालत में चैप्टर 11 के तहत दिवालिया प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवेदन किया. चैप्टर 11 अमेरिका की ऐसी कानूनी प्रक्रिया है, जिसके तहत कंपनी अपने कारोबार और संपत्तियों की बिक्री या पुनर्गठन के जरिए वित्तीय संकट से निकलने की कोशिश कर सकती है. अब कंपनी अपनी संपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया में है. इसी प्रक्रिया के तहत उसके यूजर अकाउंट्स, चैट हिस्ट्री और दूसरे निजी डेटा को भी एक प्रस्तावित सौदे में शामिल किया गया है. अमेरिका के 42 राज्यों के अटॉर्नी जनरल और डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया ने 20 नवंबर को अदालत में इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए याचिका दाखिल की. उनके मुताबिक, प्रस्तावित सौदे में 2.1 करोड़ से अधिक अमेरिकी अकाउंट्स की चैट हिस्ट्री शामिल है. इनमें 21 लाख से अधिक अकाउंट नाबालिगों के हैं. यह केवल बातचीत के टेक्स्ट तक सीमित नहीं है. राज्यों की आपत्ति के मुताबिक, डेटा में यूजर की प्रोफाइल जानकारी, ईमेल, आईपी एड्रेस, दूसरी तकनीकी जानकारियां और कंपनी की ओर से कुछ यूजर्स को दिए गए जोखिम संबंधी स्कोर भी शामिल हो सकते हैं. इन चैट में आत्महत्या के विचार, खुद को नुकसान पहुंचाने, खाने से जुड़ी समस्याओं और यौन बातचीत जैसे संवेदनशील विषयों का जिक्र भी है. यानी संभावित खरीदार को सिर्फ यह पता नहीं चल सकता कि किसी व्यक्ति ने चैटबॉट से क्या बात की, बल्कि कुछ मामलों में उसकी पहचान और ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी मिल सकती है. यहां एक जरूरी बात समझनी चाहिए कि 2.1 करोड़ का आंकड़ा अमेरिकी अकाउंट्स का है. इसे पूरी दुनिया में Character.एआई के कुल यूजर्स की संख्या नहीं समझना चाहिए. इस मामले में दो अलग-अलग सौदों को समझना जरूरी है. पहला सौदा डिजनी से जुड़ा है. कंपनी के आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, डिजनी ने Character.एआई की कुछ तकनीक और बौद्धिक संपदा से संबंधित संपत्तियों के लिए प्रस्ताव दिया है. इस सौदे में उपभोक्ताओं के निजी अकाउंट और उनकी पहचान संबंधी डेटा शामिल नहीं हैं. दूसरा सौदा स्मर्क्स एंड पैंग्स एक्विजिशन एलएलसी नाम की कंपनी से जुड़ा है. इसने CharacterAI के उपभोक्ता प्लेटफॉर्म और यूजर डेटा सहित अन्य संपत्तियों के लिए 1 करोड़ डॉलर यानी करीब 89 करोड़ रुपये का शुरुआती प्रस्ताव दिया है. यही वह प्रस्ताव है जिस पर सबसे बड़ा विवाद खड़ा हुआ है. शुरुआत में इस खरीदार के पीछे किसका पैसा लगा है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं थी. बाद में अमेरिकी मीडिया वॉल स्ट्रीट जर्नल की 25 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके पीछे न्यूयॉर्क की निवेश कंपनी ऑक्टेव एडवाइजर है. अदालत ने इसकी पहचान सामने आने के बाद सिम्रिक्स को शुरुआती बोलीदाता के रूप में मंजूरी दी. इसका मतलब यह नहीं है कि यूजर्स का डेटा उसे अंतिम रूप से बेच दिया गया है. 42 राज्यों के अटॉर्नी जनरल को क्यों है आपत्ति?
Character.एआई की प्राइवेसी नीति में कहा गया था कि कंपनी व्यक्तिगत जानकारी को मौद्रिक लाभ के लिए नहीं बेचती. लेकिन अब दिवालिया प्रक्रिया के दौरान चैट हिस्ट्री और निजी डेटा को दूसरे खरीदार को सौंपने का प्रस्ताव है. राज्यों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि प्रस्तावित सौदे की शर्तों में खरीदार पर यूजर्स की पुरानी प्राइवेसी नीति का पालन करने, डेटा डिलीट करने की मांग मानने या यूजर्स को डेटा के इस्तेमाल से बाहर निकलने का विकल्प देने की स्पष्ट बाध्यता नहीं है. राज्यों का आरोप है कि खरीदार आगे चलकर इस डेटा को किसी दूसरी कंपनी को भी सौंप सकता है. नाबालिगों के डेटा को लेकर भी गंभीर कानूनी सवाल उठाए गए हैं. अमेरिका का बच्चों की ऑनलाइन गोपनीयता संरक्षण अधिनियम यानी COPPA 13 साल से कम उम्र के बच्चों की निजी जानकारी साझा करने पर विशेष सुरक्षा देता है. राज्यों का कहना है कि कंपनी ने यह साबित नहीं किया है कि उसने बच्चों के डेटा को तीसरे पक्ष को देने के लिए जरूरी अभिभावकीय सहमति हासिल की थी. क्या अदालत ने डेटा बेचने की अनुमति दे दी है?
नहीं, अभी इस मामले में अंतिम बिक्री को अदालत की मंजूरी मिलना बाकी है. कंपनी के आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, संपत्तियों की नीलामी 1 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है. इसके बाद 3 और 4 दिसंबर को अदालत में बिक्री पर सुनवाई होनी है. अदालत को यह तय करना होगा कि प्रस्तावित सौदा किन शर्तों पर आगे बढ़ सकता है. इस मामले में अदालत ने उपभोक्ता प्राइवेसी निगरानी अधिकारी भी नियुक्त किया है, जिसका काम प्रस्तावित बिक्री के उपभोक्ता डेटा पर पड़ने वाले प्रभाव की समीक्षा करना है. एआई कंपनियों पर भरोसा कितना सुरक्षित?
Character.एआई का मामला एक बड़ी समस्या की तरफ इशारा करता है. जब हम किसी एआई चैटबॉट से बात करते हैं तो हमें लगता है कि हम किसी निजी डिजिटल स्पेस में हैं. लेकिन तकनीकी रूप से हमारी बातचीत कंपनी के सर्वर पर डेटा के रूप में जमा होती है. कंपनी की आर्थिक स्थिति, प्रबंधन, नीतियां और भविष्य में उसका मालिक कौन होगा, इन सबका असर उस डेटा पर पड़ सकता है. यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि अगर कोई कंपनी बंद हो जाती है या दिवालिया हो जाती है, तो यूजर की निजी बातचीत का मालिक कौन होगा?
क्या कंपनी उसे अपनी दूसरी संपत्तियों की तरह बेच सकती है? क्या यूजर को इसकी जानकारी और अपनी सहमति वापस लेने का अधिकार मिलेगा? भारत के यूजर्स के लिए भी यह मामला एक चेतावनी है. भारत में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन कानून, 2023 मौजूद है, लेकिन किसी विदेशी कंपनी के दिवालिया होने और उसके डेटा के हस्तांतरण पर भारतीय यूजर के अधिकारों का सवाल अंतरराष्ट्रीय कानूनी क्षेत्राधिकार से भी जुड़ता है. आखिरकार, एआई कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल बेहतर चैटबॉट बनाना नहीं है, बल्कि लोगों के भरोसे की रक्षा करना भी है. तकनीक हमें अपनी बात कहने के नए माध्यम दे सकती है, लेकिन उस बातचीत की गोपनीयता की गारंटी कौन देगा?
किसी एआई चैटबॉट को अपना हमराज समझना आसान है, लेकिन यह याद रखना जरूरी है कि डिजिटल दुनिया में हमारी सबसे निजी बातचीत भी किसी कंपनी के सर्वर पर मौजूद डेटा हो सकती है. और कंपनी का भविष्य हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होता. संकल्प ठाकुर पिछले 10 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत न्यूज़ 24 से की, इसके बाद न्यूज़ नेशन में कार्य किया. वर्तमान में वह एबीपी हिंदी डिजिटल में डिप्टी प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले सात वर्षों से संस्थान के साथ जुड़े हुए हैं. उन्हें खेल, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और चुनावी राजनीति से जुड़ी खबरों की गहरी समझ है. इसके अलावा साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े विषयों पर लेखन उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता का क्षेत्र है. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

