राष्ट्रवाणी: टुकेश्वर लोधी, आरंग। राजधानी रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। चरित्र शंका और अवैध संबंध के शक के चलते एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिषेक कुमार झा ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम गनौद (थाना राखी) निवासी वेद राम साहू (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (उम्र 25 वर्ष), पिता नरेंद्र कुमार धीवर है। आरोपी मूल रूप से ग्राम धमनी भाटापारा (वार्ड नंबर 2), थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो सालों से मृतक वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था।

इसी दौरान मकान मालिक वेद राम साहू को अपनी पत्नी के साथ किराएदार पुरुषोत्तम के अवैध संबंध होने का गहरा शक हो गया था। पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मकान मालिक वेद राम साहू और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अक्सर कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। वेद राम साहू आए दिन आरोपी के साथ गाली-गलौज और विवाद करता था।

घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। आवेश में आकर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण वेद राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना आज सुबह लगभग 11:30 बजे राखी थाना पुलिस को मिली।

सूचना पाते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। क्राइम सीन का मुआयना करने और आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी व विवेचनात्मक कार्रवाई जारी रखी है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version