राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, जांजगीर : जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब गर्भावस्था की पहली तिमाही से ही महिलाओं की निगरानी करेगा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला स्वास्थ्य समिति की मैराथन बैठक लेकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी के लिए तैयार विशेष कार्ययोजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी मैटरनल हेल्थ इंडिकेटर्स में प्रभावी सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रथम तिमाही में शत-प्रतिशत पंजीयन होना चाहिए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) और एनीमिक गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनकी नियमित निगरानी, जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं और मानव संसाधन की उपलब्धता बनाए रखने के साथ संभावित प्रसव को लेकर संस्थागत स्तर पर पहले से तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, सीएमएचओ डा. अनीता श्रीवास्तव, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी, सिविल सर्जन डा. बीएल जागृति सहित स्वास्थ्य विभाग के जिला और ब्लाक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे। जिले में संस्थागत प्रसव की स्थिति में कमी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए गर्भवती महिलाओं को उचित परामर्श देकर शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रसव के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने 108, 102 और स्थानीय एम्बुलेंस सेवाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रसव के बाद मां और नवजात को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं तथा नियमित निगरानी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मितानिनों को प्रत्येक पंजीकृत गर्भवती महिला के घर नियमित भ्रमण कर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने, आवश्यक जांच कराने और जरूरत पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से विश्लेषण कर मृत्यु के कारणों की पहचान और सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। 15 अगस्त तक 11,380 बालिकाओं को एचपीवी टीका बैठक में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। अभियान में अब तक 88 प्रतिशत उपलब्धि पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अमले की सराहना की। उन्होंने जिले की शेष सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण 15 अगस्त तक पूरा कराने के निर्देश दिए। जिले में कुल 11,380 बालिकाओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version