राष्ट्रवाणी: Thiruparankundram Temple Darshan Timings: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम मंदिर को लेकर इस समय विवाद चल रहा है. मामला पहाड़ी की चोटी पर मौजूद दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने से जुड़ा है. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 27 नवंबर 2026 को बड़ा दखल देते हुए मंदिर के ट्रस्टियों को निलंबित कर दिया और मंदिर के प्रशासन की जिम्मेदारी न्यायिक रिसीवर को सौंप दी. इसके साथ ही मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ को देने का निर्देश दिया गया. यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के पालन में अधिकारियों की विफलता के बाद हुई. कोर्ट ने कहा कि 20 नवंबर के आदेश के मुताबिक तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर बने पत्थर के दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. सुप्रीम कोर्ट ने इसे जानबूझकर आदेश का पालन न करने का मामला बताया. कोर्ट ने निर्देश दिया कि 28 नवंबर 2026 को एक बार फिर दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए. विवाद तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर मौजूद जमीन और दीपथून के अधिकार को लेकर है. पहाड़ी की चोटी पर दीपथून के पास सिकंदर बादुशा दरगाह स्थित है, जबकि अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर पहाड़ी के नीचे मौजूद है. दरगाह पक्ष की ओर से पहाड़ी की चोटी और दीपथून वाली जगह पर अधिकार का दावा किया गया है. इसी जगह पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ है. सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश में दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद आदेश के पालन को लेकर विवाद बढ़ गया. तिरुपरनकुंद्रम मंदिर तमिलनाडु के मदुरै से करीब 8 किलोमीटर दक्षिण में एक पवित्र पहाड़ी पर स्थित है. यह भगवान मुरुगन यानी सुब्रमण्य के छह प्रमुख धामों में से एक है. इन छह स्थानों को अरुपडैवीडु के नाम से जाना जाता है. यह पहाड़ी हिंदू धर्म में काफी पवित्र मानी जाती है और इसे कंधमलाई कहा जाता है. मान्यता है कि यहीं भगवान सुब्रमण्य का विवाह इंद्र की बेटी देवयानी के साथ हुआ था. यहां मौजूद गुफा मंदिरों को 8वीं शताब्दी का माना जाता है और इनका संबंध पांड्य शासकों से बताया जाता है. इसके बाद अलग-अलग हिंदू राजवंशों के समय 7वीं से 16वीं शताब्दी के बीच यहां मंदिर, मंडप और दूसरे हिस्से जोड़े गए. मंदिर का गर्भगृह एक ही चट्टान को काटकर बनाया गया है. यहां की दीवारों और खंभों पर कई तरह की नक्काशी भी देखने को मिलती है. तिरुपरनकुंद्रम मंदिर मदुरै शहर से आसानी से पहुंचा जा सकता है. यहां पहुंचने के लिए हवाई, रेल और सड़क तीनों रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है. हवाई मार्ग से जाने वालों के लिए मदुरै एयरपोर्ट सबसे नजदीक है. यह मदुरै शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर अवनियापुरम में स्थित है. ट्रेन से जाने वाले श्रद्धालु तिरुपरनकुंद्रम रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकते हैं. यह स्टेशन मदुरै जंक्शन से करीब 6 किलोमीटर दूर है. सड़क मार्ग से मदुरै शहर से राज्य परिवहन निगम की बसें नियमित रूप से चलती हैं. इससे मंदिर तक पहुंचना आसान है. तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर आम तौर पर रोज सुबह 5:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुला रहता है. इसके बाद मंदिर शाम 4 बजे से रात 8:30 बजे तक दर्शन के लिए खुलता है. हालांकि, मुख्य मंदिर और पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून क्षेत्र की स्थिति अलग है. मंदिर जाने पर किन बातों का ध्यान रखें?
मंदिर के मुख्य गर्भगृह की ओर जाने के लिए श्रद्धालुओं को करीब 50 सीढ़ियां चढ़नी पड़ सकती हैं. मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं से मर्यादित कपड़े पहनने की अपेक्षा की जाती है. शॉर्ट्स, बिना आस्तीन के कपड़े या बहुत ज्यादा खुले कपड़ों से बचना बेहतर है. सोनम एबीपी लाइव में कंटेंट राइटर हैं. यहां वह लाइफस्टाइल कैटिगरी और इसके अंतर्गत आने वाली सब-कैटिगरीज हेल्थ, होम टिप्स, रिलेशनशिप, ट्रैवल, पैरेंटिंग, ब्यूटी और फैशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. सोनम करीब 15 साल से लेखन की दुनिया में कार्यरत हैं. इससे पहले वह , के आईनेक्स्ट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इन सभी जगहों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सोनम ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन किया है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

