राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, कोरबा: चांपा रेलवे स्टेशन में छह से 18 दिसंबर तक प्रस्तावित नान-इंटरलाकिंग (एनआइ) कार्य का असर कोरबा के रेल यात्रियों पर भी पड़ेगा। इस कार्य के चलते कोरबा से चलने वाली और कोरबा होकर गुजरने वाली करीब 16 ट्रेनें प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
ऐसे में यात्रियों को बिलासपुर जाकर ट्रेन पकड़ने की नौबत आ सकती है। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना रेल से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। इस स्थिति पर रेल संघर्ष समिति, कोरबा ने चिंता जताते हुए रेलवे प्रशासन से प्रभावित अवधि में वैकल्पिक रेल व्यवस्था करने की मांग की है।
समिति के संरक्षक अंकित सावलानी ने कहा कि कोरबा के यात्रियों को पहले से ही पर्याप्त और नियमित रेल कनेक्टिविटी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में चांपा में एनआइ कार्य के कारण ट्रेनों के प्रभावित होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरबा से बिलासपुर और रायपुर की ओर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के साथ नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में काफी दिक्कत हो सकती है।
कई यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने के लिए बिलासपुर तक पहुंचना पड़ सकता है, जिससे अतिरिक्त समय और खर्च भी बढ़ेगा। रेल संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन से छह से 18 दिसंबर के बीच कोरबा-चांपा के मध्य दो से तीन अतिरिक्त मेमू ट्रेनें संचालित करने की मांग की है। समिति का कहना है कि इससे प्रभावित यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए बिलासपुर तक जाने की अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
इसके अलावा एनआइ कार्य के दौरान रद्द की गई ट्रेनों में से कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन जारी रखने की मांग भी की गई है। समिति ने कहा कि रेलवे प्रशासन तकनीकी और परिचालन परिस्थितियों को देखते हुए ऐसी ट्रेनों का चयन करे, जिनका संचालन संभव हो और जिनसे अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।
समिति के अनुसार एनआइ कार्य रेलवे की सुरक्षा और विकास के लिहाज से जरूरी है, लेकिन इस दौरान यात्रियों की सुविधाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कोरबा एक प्रमुख औद्योगिक एवं ऊर्जा नगरी है। यहां से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों के लिए बिलासपुर और रायपुर सहित अन्य शहरों की यात्रा करते हैं।
ऐसे में प्रभावित अवधि के दौरान वैकल्पिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। रेल संघर्ष समिति ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से यात्रियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लेने और अतिरिक्त मेमू ट्रेनों के साथ कुछ महत्वपूर्ण रद ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

