राष्ट्रवाणी: अभनपुर। ग्राम पंचायत उल्बा में सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार पारित हो गया। सोमवार को हुए मतदान में अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 9 वोट पड़े, जबकि सरपंच के पक्ष में 3 वोट मिले।
सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ यह दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इससे पहले भी पंचों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उस समय सरपंच ने हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसके बाद अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया पर स्थगन मिल गया था।
इसके बाद एक बार फिर पंचायत के पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू की। पंचायत के कुल 11 पंचों में से 9 पंच अभनपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे और सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। अविश्वास प्रस्ताव पेश करते समय पंचों ने सरपंच पर पंचायत के कामकाज में अनियमितता और अभद्र व्यवहार समेत कई आरोप लगाए थे।
पंचों का कहना था कि पंचायत के दस्तावेजों और कामकाज में भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं। पंचों ने पंचायत के कुछ बिलों में तारीख दर्ज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया था और इन मामलों की जांच की मांग की थी। सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की प्रक्रिया अभनपुर तहसीलदार की मौजूदगी में पूरी हुई।
तहसीलदार पीठासीन अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। मतदान के बाद मतों की गिनती की गई, जिसमें अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 9 और सरपंच के पक्ष में 3 मत मिले। अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने मतदान के परिणाम की पुष्टि करते हुए बताया कि सरपंच के पक्ष में 3 और अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 9 मत प्राप्त हुए हैं।
इस तरह ग्राम पंचायत उल्बा में सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।

