राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): वाकेश साहू, , रायपुर। राजधानी रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कहीं कक्षाओं की छत से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है, तो कहीं दीवारों से ईंटें और लोहे की छड़ें बाहर झांक रही हैं।
खपरैल वाले पुराने भवनों के ढहने का खतरा भी लगातार बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद इन्हीं असुरक्षित कमरों में बच्चों की पढ़ाई चल रही है। हैरानी की बात यह है कि जिले के 105 स्कूलों के रखरखाव और मरम्मत के लिए 47 लाख रुपये से अधिक की राशि मंजूर की जा चुकी है, फिर भी जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आ रहा।
वहीं, इसी सत्र में तोड़ने के लिए सूचीबद्ध किए गए 134 जर्जर भवन आज भी परिसर में मौत को दावत दे रहे हैं। कई भवनों का तो निरीक्षण तक नहीं हो सका है, जिससे वहां पढ़ने और खेलने वाले छोटे बच्चों की जान पर हर पल खतरा मंडरा रहा है। शहर के छोटापारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन आजादी से पहले का बना हुआ है।
खपरैल से निर्मित यह पुराना ढांचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है और छत से कभी भी खपरैल गिरने की आशंका बनी रहती है। स्कूल के आसपास छोटे बच्चे खेलते रहते हैं। प्रशासन ने इस भवन को तोड़कर नया निर्माण करने का प्रस्ताव तो बनाया, लेकिन अब तक इसे गिराया नहीं गया है।
दलदलसिवनी स्थित प्राथमिक शाला में भी हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां कक्षाओं की छत का प्लास्टर लगातार उखड़कर नीचे गिर रहा है और बच्चे उसी के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल के शौचालय भी बदहाल हैं।
परिसर में मौजूद पुराने जर्जर भवन को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद उसे तोड़ने की कार्रवाई शुरू नहीं हुई। मठपुरैना सरकारी स्कूल का पुराना भवन भी कई वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़ा है। इस इमारत की छत से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
भवन की खतरनाक स्थिति को देखते हुए इसे डिस्मेंटल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन फाइलों के अटकने से पुराना ढांचा अब भी परिसर में मौजूद है। संत कंवर राम शासकीय शाला की इमारत भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। भवन की दीवारों और छतों में आई दरारें व जर्जरता साफ नजर आती है।
यहां चार कक्षाओं को तोड़ने का प्रस्ताव लंबित है, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के चलते अब तक इन जर्जर कमरों को हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। जिला शिक्षा विभाग के मुताबिक, जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक का बजट जारी किया गया है। इस मामले में रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी एम. सतीश नायर ने बताया कि स्वीकृत राशि जनपद पंचायतों के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है और स्कूलों का समय पर मेंटेनेंस कराने के निर्देश दिए गए हैं।

