राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर : गुढ़ियारी क्षेत्र में घर में घुसकर एक साल के बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने वाले आरोपित पवन साहू को पांच घंटे के भीतर नागपुर के उमरेड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। आरोपित बच्चे को बाइक पर लेकर भागा था और कपड़े के सहारे उसे कमर से बांध रखा था।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को महिला ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत की कि पवन साहू उसके घर में घुसा और गाली-गलौज व धमकी देते हुए उसके एक वर्षीय बच्चे को जबरन साथ ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच में आरोपी के बच्चे को लेकर नागपुर की ओर जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद गुढ़ियारी पुलिस की टीम तत्काल उमरेड रवाना हुई और करीब पांच घंटे में आरोपित को पकड़ लिया। उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की है।

