राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और राज्य शासन की आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर माओवादी संगठन को करारा झटका लगा है। बीजापुर पुलिस के समक्ष सोमवार को छह सक्रिय नक्सलियों ने औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले इन सभी छह नक्सलियों पर कुल 35 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित था। इनमें चार पीपुल्स पार्टी कमेटी मेंबर (PPCM) स्तर के वरिष्ठ कैडर और दो पार्टी सदस्य रैंक के सक्रिय नक्सली शामिल हैं। मुख्यधारा में लौटे कैडरों की पहचान रानी सोढ़ी उर्फ संध्या, पांडो पोडियम उर्फ सस्मिता, सुक्कू कुड़ियम उर्फ संतोष, कोसा माड़वी उर्फ सतीश, देवे माड़कम उर्फ जन्नी और लल्लू ताती के रूप में हुई है।

