राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिरगिट्टी भारत माता स्कूल में कक्षा छठवीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच बैठा दी है। क्लास टीचर की कथित प्रताड़ना से बुरी तरह सहमा मासूम अब स्कूल जाने से खौफ खा रहा है।

पीड़ित परिजन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने दो सदस्यीय संयुक्त टीम गठित कर तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब की है। गोविंद नगर, सिरगिट्टी निवासी पीड़ित छात्र की मां पी जगदेश्वरी ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भारत माता स्कूल में कक्षा छठवीं की अध्यापिका दीपिका मैडम ने किसी बात पर अपना आपा खो दिया और उनके 11 वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी।

शिक्षिका के अमानवीय व्यवहार से बच्चा इस कदर दहशत में आ गया है कि उसने स्कूल जाने से साफ इनकार कर रहा है। मां का आरोप है कि घटना के अगले दिन जब वे न्याय की गुहार लेकर स्कूल के प्राचार्य के पास पहुंचीं, तो प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद विवश होकर उन्हें शिक्षा विभाग की शरण लेनी पड़ी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे ने तत्काल एक्शन लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिफरा सेजेश के प्राचार्य को संयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच दल को तीन दिनों के भीतर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर स्पष्ट अनुशंसा सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।

बेटा रातभर सिहरता रहा, हाथ जोड़कर रोया पीड़ित मां ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद से बेटा गहरे सदमे में है। वह रो-रोकर बस एक ही गुहार लगा रहा हैं, मां मुझे उस स्कूल मत भेजो, मैडम बहुत मारेंगी। मासूम की यह बाते सुनकर मां की आंखें भर आईं।

प्राचार्य के उदासीन रवैये के बाद इंसाफ की आस में वे डीईओ दफ्तर गुहार लगाने पहुंचीं। तीन दिन में मांगी रिपोर्ट, दोषी पर होगी कार्रवाई डीईओ द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बीईओ बिल्हा और सेजेश तिफरा के प्राचार्य मौके पर जाकर वस्तुस्थिति की पड़ताल करेंगे। जांच दल को 3 दिन में तथ्यात्मक प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया है, ताकि अग्रिम वैधानिक कदम उठाए जा सकें।

आदेश की प्रति संचालक लोक शिक्षण व कलेक्टर को भी भेजी गई है। स्कूल में बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित है। शिकायत मिलते ही बीईओ बिल्हा और तिफरा सेजेश प्राचार्य की संयुक्त जांच टीम गठित कर दी गई है।

तीन दिनों में रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में आरोप प्रमाणित होने पर संस्था व आरोपित शिक्षिका के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संदीप पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर अभिभावक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच शिक्षा विभाग के सक्षम अधिकारी कर रहे हैं।

जांच प्रक्रियाधीन होने के कारण इस समय कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति खुद-ब-खुद स्पष्ट हो जाएगी। प्रमोद कुमार बड़ा, प्राचार्य, भारत माता स्कूल सिरगिट्टी

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version