राष्ट्रवाणी (बलरामपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि,बलरामपुर :आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जुझारू संघ के बैनर तले अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का तीन दिवसीय आंदोलन जारी है। आंदोलन के तीसरे दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा और कड़ा विरोध प्रदर्शन किया ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। आंदोलनरत कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, सीधी पदोन्नति तथा सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त 10 लाख रुपये की राशि प्रदान करना शामिल है। तीसरे दिन कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ की जिला सचिव तरूलता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में सपना गाईन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल रहीं। कार्यकर्ताओं ने शासन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

