राष्ट्रवाणी: चीन की गुफाओं में मिले 18 हजार जीवाश्म और 9 इंसानी दांत, बदल दिया मानव इतिहासचीन की दो गुफाओं से 18 हजार जीवाश्मों के बीच मिले 9 इंसानी दांत, 3.24 लाख साल पहले जंगल में साथ रहती थीं 2 प्रजातियांWritten by:Agency:Last Updated:November 19, 2026, 19:11 ISTScience News in Hindi: दक्षिण चीन की 2 गुफाओं में 18 हजार से ज्यादा जीवाश्मों के बीच 9 प्राचीन इंसानी दांत मिले हैं. 18 नवंबर को नेचर जर्नल में छपी 2 स्टडीज बताती हैं कि ये दांत 3.24 लाख से 1.84 लाख साल पुराने हैं. इनमें 8 दांत होमो इरेक्टस और 1 रहस्यमय प्रजाति का है. जांच से पता चला कि ये मानव घने जंगलों में रहते थे और 320 किमी तक सफर करते थे.गुआंग्शी के उष्णकटिबंधीय जंगल की छाया में छिपे ‘होमो इरेक्टस’ का इलस्ट्रेशन. पीछे बक्सियान गुफा का प्रवेश द्वार दिखाई दे रहा है. (Image Credit: Garciart/Joannes-Boyau)Science News: दक्षिण चीन के गुआंग्शी प्रांत की 2 गुफाओं से मानव इतिहास को बदलने वाले सबूत हाथ लगे हैं. साइंटिस्ट्स को बाक्सियान और नाक्सियान गुफाओं में 18 हजार से ज्यादा स्तनधारी जीवों के जीवाश्मों के बीच 9 इंसानी दांत मिले हैं. बुधवार 18 नवंबर को नेचर जर्नल में छपी 2 अलग-अलग स्टडीज में इन दांतों की उम्र 3.24 लाख से 1.84 लाख साल आंकी गई है. इनमें से 8 दांत होमो इरेक्टस प्रजाति के हैं और 1 दांत किसी रहस्यमय मानव प्रजाति का है. एक्सपर्ट्स को शक है कि यह नौवां दांत डेनिसोवन्स का हो सकता है. इस खोज ने साबित किया कि होमो इरेक्टस एशिया की मुख्य भूमि पर पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा समय तक जिंदा रहे. ये प्राचीन मानव घने बारिश वाले जंगलों में रहते थे और 320 किलोमीटर तक लंबा सफर करते थे. चीन की 2 गुफाओं में 18 हजार जीवाश्मों के बीच कैसे मिले 9 इंसानी दांत?
बाक्सियान और नाक्सियान गुफाएं एक-दूसरे से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर हैं. यह इलाका चूना पत्थर की खड़ी पहाड़ियों और घने जंगलों वाले कार्स्ट क्षेत्र में आता है. हजारों साल पहले साही जैसे जानवर खाने की तलाश में हड्डियां खींचकर इन गुफाओं में जमा करते थे. इसी वजह से यहां वानर, हाथी, गैंडे और खुर वाले प्राचीन जानवरों के 18 हजार से ज्यादा जीवाश्म इकट्ठा हो गए. इन्हीं के बीच रिसर्च टीम को 9 प्राचीन इंसानी दांत मिले. चट्टानों और जीवाश्मों की उम्र निकालने के लिए यूरेनियम क्षय समेत 5 अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल हुआ. जांच में इनकी उम्र 3.24 लाख से 1.84 लाख साल के बीच निकली. होमो इरेक्टस को अफ्रीका से बाहर निकलने वाली पहली मानव प्रजाति माना जाता है. करीब 20 लाख साल पहले विकसित हुए ये मानव 18 से 19 लाख साल पहले यूरेशिया की ओर बढ़े थे. लगभग 16 से 18 लाख साल पहले वे चीन और इंडोनेशिया पहुंच गए. अब तक एशिया की मुख्य भूमि पर 4 लाख साल से कम पुराने होमो इरेक्टस के कोई ठोस सबूत नहीं थे. उत्तरी चीन के बीजिंग में मिले चर्चित पीकिंग मैन की उम्र भी 7.7 लाख से 2 लाख साल के बीच मानी जाती है. इस प्रजाति के आखिरी अवशेष इंडोनेशिया के जावा द्वीप में 1.17 लाख से 1.08 लाख साल पहले के मिले थे. गुआंग्शी के नए सबूत इस लंबे अंतराल को भरते हैं. चीन की जिन दो गुफाओं में रिसर्चर्स को नौ जीवाश्म दांत मिले हैं, उनमें से एक ‘बाक्सियान’ है; इनमें से आठ दांत ‘होमो इरेक्टस’ के हैं. (Image credit: Professor Kira Westaway (Macquarie University) Advertisementप्रोटीन टेस्ट और नौवें रहस्यमय दांत पीए1796 ने क्या कहानी सुनाई?
डेनमार्क की कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी के मॉलिक्यूलर पैलियोएंथ्रोपोलॉजिस्ट फ्रिडो वेल्कर ने का नेतृत्व किया. उनकी टीम ने 9 में से 5 दांतों के सैंपल लेकर प्राचीन प्रोटीन की जांच की जिसे प्रोटियोमिक्स कहा जाता है. समय के साथ डीएनए जल्दी नष्ट हो जाता है लेकिन प्रोटीन लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं. जांचे गए 5 दांतों में से 4 के प्रोटीन और बनावट होमो इरेक्टस से मेल खा गए. वाई क्रोमोसोम से बनने वाले एमेलोजेनिन-वाई प्रोटीन की जांच से इनके लिंग का भी पता चला. इनमें से 3 दांत पुरुषों के और 1 महिला का था. इन चार दांतों के प्रोटीन पैटर्न चीन के दूसरे इलाकों में मिले होमो इरेक्टस से थोड़े अलग दिखे. वेल्कर का मानना है कि यह समूह किसी अनजान आबादी का हिस्सा रहा होगा जिसका जेनेटिक ढांचा थोड़ा भिन्न था. पांचवां दांत जिसे पीए1796 नाम दिया गया है, वह अब भी पहेली बना हुआ है. प्रोटीन जांच में यह किसी पुरुष का दांत निकला लेकिन इसमें होमो इरेक्टस वाले निशान नहीं मिले. इसकी बनावट निएंडरथल और आधुनिक इंसान से भी अलग है. चीन की दो गुफाओं में रिसर्चर्स को इंसानों के नौ दांत मिले हैं, जिनमें से आठ के बारे में पक्के तौर पर यह पहचान की गई है कि वे ‘होमो इरेक्टस’ के हैं. (Image credit: Professor Kira Westaway (Macquarie University)) वेल्कर ने से कहा, ‘यह खोज रोमांचक है क्योंकि एक ही वक्त पर घने जंगलों में दो मानव समूह रह रहे थे.’ उन्होंने आगे कहा, ‘सीक्वेंस के हिसाब से इस दांत में होमो इरेक्टस वाले बदलाव नहीं हैं और बनावट भी उनसे अलग दिखती है.’ क्या होमो इरेक्टस और डेनिसोवन्स घने जंगलों में एक साथ रहते थे?
रहस्यमय दांत पीए1796 की पहचान को लेकर दुनिया भर के वैज्ञानिकों में चर्चा तेज हो गई है. लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के पैलियोएंथ्रोपोलॉजिस्ट क्रिस स्ट्रिंगर इस स्टडी का हिस्सा नहीं थे. उन्होंने बताया कि पूर्वी एशिया में होमो इरेक्टस की यह नई तारीख जावा के आखिरी अवशेषों के करीब आती है. समुद्र का जलस्तर घटने पर बने जमीनी रास्तों से ये समूह आपस में जुड़े हो सकते हैं. स्ट्रिंगर के मुताबिक पीए1796 दांत डेनिसोवन्स या होमो लोंगी प्रजाति का हो सकता है. दक्षिण चीन और लाओस में 2 लाख साल से कम पुराने डेनिसोवन्स के संभावित सबूत पहले मिल चुके हैं. हालिया रिसर्च में होमो इरेक्टस और डेनिसोवन्स के बीच संबंध बनने के संकेत मिले थे. नए सबूत इस संभावना को और मजबूत करते हैं. अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मैडिसन के एंथ्रोपोलॉजिस्ट जॉन हॉक्स पहले 4 लाख साल के भीतर के अवशेषों को डेनिसोवन्स मानते थे. डेनिसोवन्स एशिया में रहते थे और करीब 30 हजार साल पहले विलुप्त हुए थे. हालांकि नई प्रोटीन जांच देखकर हॉक्स ने मान लिया कि होमो इरेक्टस कुछ जगहों पर देर तक टिके रहे. वे भी नौवें दांत को डेनिसोवन्स की किसी अलग शाखा का मानते हैं. हॉक्स ने आधुनिक इंसान यानी होमो सेपियंस को लेकर एक नया सवाल खड़ा किया है. चीन में आधुनिक इंसान कम से कम 45 हजार साल पहले पहुंच चुके थे और दक्षिण-पूर्वी एशिया के लोगों में डेनिसोवन्स का डीएनए मिलता है. हॉक्स ने पूछा, ‘अगर होमो इरेक्टस उसी इलाके में लंबे समय तक बचे रहे तो क्या आधुनिक इंसानों का सामना उनसे भी हुआ था.’ घने बारिश वाले जंगलों में 320 किमी का सफर कैसे करते थे प्राचीन मानव?
नेचर जर्नल में छपी ऑस्ट्रेलिया की मैक्वेरी यूनिवर्सिटी की जियोक्रोनोलॉजिस्ट कीरा वेस्टअवे और सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी के रेनॉड जोआनेस-बोयाउ की टीम ने की. इसमें जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट के निकोलस बोरगोन और पैट्रिक रॉबर्ट्स भी शामिल थे. टीम ने इंसानी और जानवरों के दांतों में मौजूद सूक्ष्म तत्वों को परखा. इससे पता चला कि ये होमो इरेक्टस घने ट्रॉपिकल जंगलों के पेड़-पौधे और जानवर खाते थे. अब तक माना जाता था कि सिर्फ होमो सेपियंस ही 1 लाख से 13 हजार साल पहले ऐसे घने जंगलों में ढल पाए थे. साइंटिस्ट्स यह भी मानते थे कि दक्षिण-पूर्वी एशिया में घने जंगल फैलने से होमो इरेक्टस खत्म हो गए. बोरगोन ने कहा, ‘दांत उस माहौल का रिकॉर्ड रखते हैं जिसमें इंसान और जानवर रहते हैं और यहां दोनों के दांत घने जंगल के इकोसिस्टम की कहानी कह रहे हैं.’ टीम ने दांतों में स्ट्रोंटियम तत्व के स्तर की भी जांच की. बचपन के खाने और पानी से दांतों में जमा होने वाला यह तत्व जन्मस्थान का सुराग देता है. इसकी केमिकल जांच उत्तरी वियतनाम की रेड रिवर वैली के कार्स्ट इलाके से मेल खा गई. यह जगह गुआंग्शी की गुफाओं से करीब 320 किलोमीटर दूर है. जोआनेस-बोयाउ ने कहा कि ये प्राचीन मानव कठिन जंगलों में लंबी दूरी तय करने में माहिर थे. आधुनिक इंसान से 6 गुना ज्यादा वक्त तक धरती पर कैसे टिके रहे होमो इरेक्टस?
इस खोज ने प्राचीन मानवों की क्षमता को देखने का नजरिया बदल दिया है. होमो इरेक्टस आधुनिक इंसान जैसे कद-काठी वाले पहले मानव थे जिनके पैर लंबे और बांहें छोटी थीं. उनका दिमाग पहले की प्रजातियों से बड़ा था और उन्होंने आग का इस्तेमाल करना भी सीखा था. वेस्टअवे ने लाइव साइंस से कहा कि लचीलापन और बदलते माहौल में ढलना हम सिर्फ होमो सेपियंस का गुण मानते थे. उन्होंने कहा, ‘लोग अक्सर होमो इरेक्टस को असफल प्रजाति मानते हैं जो गलत है.’ आंकड़ों के हिसाब से आधुनिक इंसान धरती पर करीब 3 लाख साल से मौजूद हैं. वहीं होमो इरेक्टस ने धरती पर लगभग 20 लाख साल तक जीवन बिताया जो हमारे मुकाबले 6 गुना ज्यादा समय है. चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के यिंगकी झांग के मुताबिक जंगल के जानवरों के बीच होमो इरेक्टस के सबूत पहली बार मिले हैं. इससे पर्यावरण के साथ उनके तालमेल की पुरानी धारणाएं टूट गई हैं. पैट्रिक रॉबर्ट्स का कहना है कि आधुनिक इंसान के अलावा किसी दूसरी मानव प्रजाति के घने जंगलों में बसने का यह पहला सीधा सबूत है. इस खोज से होमो इरेक्टस के विलुप्त होने के असली कारणों को नए सिरे से समझने की राह खुली है.About the AuthorDeputy News Editorदीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :New Delhi,DelhiFirst Published :November 19, 2026, 17:52 ISTऔर पढ़ें

