राष्ट्रवाणी (रायगढ़ ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायगढ़: रायगढ़ जिले के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नवीन नर्सिंग महाविद्यालय रायगढ़ के नए भवन निर्माण कार्य के लिए वित्त विभाग ने कुल 1161.41 लाख रुपये (11 करोड़ 61 लाख 41 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
इस स्वीकृति के बाद अब जल्द ही टेंडर और निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू होगी। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के निरंतर प्रयासों और पहल का परिणाम है। ओपी चौधरी लंबे समय से रायगढ़ में चिकित्सा व स्वास्थ्य शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं, ताकि जिले व आसपास के युवाओं को नर्सिंग और मेडिकल की उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े।
युवाओं को मिलेगा सीधा लाभ: अपना स्वयं का भवन बन जाने से रायगढ़ जिले सहित पूरे संभाग के छात्र-छात्राओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब तक स्वयं के भवन के अभाव में विद्यार्थियों और प्रबंधन को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित परिसर में पढ़ाई हो सकेगी।
नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के भवन निर्माण से हर साल सैकड़ों छात्र-छात्राएं नर्सिंग की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान दे सकेंगे। इससे जहां युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, वहीं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। विकास के प्रमुख प्रोजेक्ट्स: वित्त मंत्री ओपी चौधरी का मानना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं ही किसी भी क्षेत्र के विकास की असली नींव हैं।
रायगढ़ में मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग महाविद्यालय का भवन बनना इसी सोच को साकार करता है। उनकी पहल से रायगढ़ में नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसे बड़े संस्थान आकार ले रहे हैं, जिससे रायगढ़ तेजी से शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रमुख हब के रूप में उभर रहा है।
वित्त विभाग से प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के पश्चात अब निर्माण एजेंसी द्वारा टेंडर और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर भवन निर्माण प्रारंभ किया जाएगा।

