राष्ट्रवाणी (धमतरी ब्यूरो): प्रतिनिधि, धमतरी। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में उठे अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार अलसुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही।
आसमान में दिनभर काले बादल छाए रहे। रिमझिम बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई और ठंड का एहसास बढ़ गया।
शुक्रवार सुबह तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोपहर एक बजे तक बढ़कर 22 डिग्री पर पहुंचा। इसके बावजूद ठंडी हवाओं के चलते वातावरण में ठंडक बनी रही। मौसम के बदले मिजाज का असर जनजीवन पर भी पड़ा।
ठंड से बचने के लिए शहर के चौक-चौराहों और दुकानों के सामने लोग अलाव तापते नजर आए। अंबेडकर चौक के आगे सड़क किनारे एक दुकान के पास लोगों ने अलाव जलाकर राहत पाने का प्रयास किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखे।
वहीं, जरूरी काम से घरों से निकले लोग छतरी और रेनकोट लेकर चलते रहे। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व होने के बावजूद बारिश ने बाजार की रौनक फीकी कर दी। पर्व को लेकर गन्ने, पूजन सामग्री और अन्य सामानों की खरीदी-बिक्री के लिए बाजार में अच्छी भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह से जारी बारिश के कारण बाजार में अपेक्षाकृत कम चहल-पहल रही।
चौक-चौराहों पर गन्ना बेचने पहुंचे विक्रेताओं को भी ग्राहकों का इंतजार करना पड़ा। बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही। चक्रवात के असर से बदले मौसम ने जहां एक ही दिन में ठंड बढ़ा दी, वहीं देवउठनी एकादशी के बाजार की रौनक पर भी पानी फेर दिया।

