राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिव बदल दिए हैं। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी 81 सचिवों की सूची के अनुसार, अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, इस बदलाव में छत्तीसगढ़ के स्थानीय नेताओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर अहम प्रभार दिए गए हैं, जिसके तहत पूर्णचंद्र (कोको) पाढ़ी को ओडिशा और नरेश ठाकुर को गुजरात का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। पुराने प्रभारियों की हुई विदाई AICC की इस नई सूची में पहले से छत्तीसगढ़ का प्रभार संभाल रहे सचिवों को पदमुक्त कर दिया गया है।
निवर्तमान सचिवों की सूची में एसए संपत कुमार, विजय जांगिड़ और देवेंद्र यादव सहित कुल 25 नेताओं को सचिव व संयुक्त सचिव के दायित्व से मुक्त करते हुए पार्टी ने उनके योगदान की सराहना की है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ की प्रभारी रहीं जरिता लैतफलांग को अब पूर्वोत्तर के चार राज्यों मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

