राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। खरीफ सीजन में अर्नब और मुरासु के बाद आए इस तीसरे समुद्री तूफान ने प्रदेश के अन्नदाताओं के सामने दोहरा संकट खड़ा कर दिया है।
एक ओर जहां खेतों और खलिहानों में कटी रखी धान की फसल भीगने से गुणवत्ता खराब होने व अंकुरण का खतरा बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों के खरीदी केंद्रों में पानी भरने के कारण तौल बंद करनी पड़ी है। किराए की गाड़ी लेकर लौटे बारिश की वजह से सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है, जो पहले से टोकन कटवाकर किराए के वाहनों में उपज लेकर केंद्रों तक पहुंचे थे।
दुर्ग जिले में शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण केवल 21 टोकन पर ही 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। कई किसान सैकड़ों कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, जिन्हें बिना तौल कराए लौटना पड़ा और अब उन्हें दोबारा वाहन किराए का खर्च उठाना पड़ेगा। इसी तरह रायपुर के केंद्रों में भी जलभराव से काम प्रभावित रहा, जिससे उपज बेचने पहुंचे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
धमतरी जिले के 108 केंद्रों में से केवल आमदी और मगरलोड में ही खरीदी हो सकी, जबकि शंकरदाह सोसायटी में 27 किसानों के टोकन होने के बावजूद तौल नहीं हो पाई।

