राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: मोबाइल खरीदने के नाम पर दुकानदार से तीन लाख 23 हजार रुपये के चार मोबाइल लेकर भुगतान नहीं करने और चेक गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराने का हवाला देकर पल्ला झाड़ने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र के सिंधी कालोनी में रहने वाले जितेंद्र कुमार मलघानी की करबला रोड पुराना बस स्टैंड में सुनीता म्यूजिक के नाम से मोबाइल दुकान है। 31 अक्टूबर को परिचित युवती महक आडवानी ने उनकी फोन पर निर्मन किंगरानी से बात कराई। निर्मन ने अपने परिचित व्यक्ति को तीन अलग-अलग बार दुकान भेजकर चार मंहगे मोबाइल मंगवाए।
इनकी कीमत तीन लाख 23 हजार रुपये थी। इसके बदले उसने पांच लाख रुपये का चेक दिया और उसी दिन पेमेंट करने का भरोसा दिलाया। दुकानदार के मुताबिक अगले दिन पेमेंट मांगने पर निर्मन ने रुपये देने से मना कर दिया।
चेक बैंक में लगाने की बात कहने पर धमकी देनी शुरू कर दी। अब दुकान संचालक ने पूरे मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
चेक देने से पहले थाने में गुम होने की शिकायत दुकान संचालक ने बताया कि उन्होंने परिचित से बात होने के बाद मोबाइल दे दिया था। भरोसे का फायदा उठाकर आरोपित तीन लाख का मोबाइल ले गया। जब दुकान संचालक ने अपने रुपये मांगे तब आरोपित ने धमकियां देने लगा।
साथ ही चेक पहले की गुम होने की शिकायत थाने में करने की बात कही है।

