राष्ट्रवाणी (अंबिकापुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर। शहर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल के हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नौवीं के छात्र ने छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया है।
परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। घटना 22 नवंबर की है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
आरोप है कि प्रबंधन ने छात्र की परेशानी की जानकारी न तो अभिभावकों को दी और न ही उसे समझाया, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र का रहने वाला छात्र बिरला ओपन माइंड स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता है और स्कूल के ही हॉस्टल में रहता था।
वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई नहीं करना चाहता था। कुछ दिन पहले वह हॉस्टल से भाग भी गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। प्रबंधन ने अपने स्तर पर छात्र को ढूंढकर वापस हॉस्टल में रख लिया और परिजनों से भी यह बात छिपाए रखी।
आरोप है कि वापस लाने के बाद छात्र को बंधक की तरह रखा जाने लगा। 22 नवंबर की दोपहर छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। आनन-फानन में उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और इसके बाद परिजनों को खबर दी गई।
अंबिकापुर पहुंचे परिजनों ने पूरी स्थिति जानने के बाद गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था, लेकिन प्रबंधन उस पर लगातार दबाव बना रहा था। परिजनों की शिकायत के आधार पर स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज कुमार, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल के खिलाफ 75 जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, यदि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था तो उसे परिजनों को सौंप देना चाहिए था। अंबिकापुर में संचालित बिरला ओपन माइंड स्कूल का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी नियमों के उल्लंघन पर स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रबंधन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।
वहीं, एक शिक्षिका द्वारा सजा के तौर पर छात्र से एक पन्ने में गाली लिखवाने का मामला भी काफी चर्चा में रहा था। अब छात्र द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने फिर से स्कूल की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

