राष्ट्रवाणी (भिलाई ब्यूरो): प्रतिनिधि, भिलाई। शहर के वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद संतोष मौर्य को दूल्हे की तरह तैयार होकर घोड़े पर सवार देख लोग दंग रह गए। दरअसल नगर निगम भिलाई में करीब 3.15 करोड़ रुपये के पेवर ब्लॉक कार्यों में कथित अनियमितता की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों से रिकवरी की कार्रवाई शुरू हो गई है।
इससे उत्साहित वार्ड क्रमांक- 15 के पार्षद संतोष मौर्य शुक्रवार को घोड़े पर सवार होकर सामान्य सभा में शामिल होने निगम पहुंचे। उनका अंदाज बिल्कुल दूल्हे जैसा था। मौर्य ने कहा कि यह उनके लिए जनहित की जीत की खुशी है, इसलिए वे घोड़े पर सवार होकर निगम की सभा में शामिल होने पहुंचे हैं।
पेवर ब्लॉक कार्यों में अनियमितता का मामला पार्षद संतोष मौर्य ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिंह, संतोष मौर्य समेत अन्य पार्षदों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मामले की जांच कराई गई।
वहीं, नगर निगम प्रशासन ने भी विभागीय स्तर पर जांच की। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर अधिकारियों और संबंधित जिम्मेदारों से वसूली के आदेश जारी किए गए। हालांकि, रिकवरी के इन आदेशों के खिलाफ निगम के कुछ इंजीनियरों ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
हाईकोर्ट ने फिलहाल रिकवरी की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय किए जाने से पार्षद मौर्य काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वे पेवर ब्लॉक के कार्यों में हुई अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
जांच शुरू होना और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ना उनके संघर्ष की बड़ी सफलता है। पार्षद संतोष मौर्य के घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचने को लेकर पूरे निगम परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। दूल्हे के अंदाज में पहुंचे पार्षद ने स्पष्ट किया कि वे किसी व्यक्तिगत खुशी के लिए नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दे पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई की खुशी मनाने के लिए इस अनोखे अंदाज में सामान्य सभा में शामिल होने पहुंचे हैं।

