राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: यदुनंदन नगर में गुरुवार को दोपहर एक बजे के करीब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे नागेश्वर मंदिर के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के निचले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर के पोल क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि कार में सवार लोगों को चोट नहीं आई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन, घटना के दौरान यदि कार या ट्रांसफार्मर से जरा सी भी चिंगारी निकलती तो आग लगने के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
यदुनंदन नगर के शिव मंदिर के पास नागेश्वर मंदिर के आसपास लगातार लोगों की आवाजाही रहती है। यहां विद्युत ट्रांसफार्मर भी स्थापित है। गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रांसफार्मर के नीचे जा घुसी।
टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। कार ट्रांसफार्मर के बिल्कुल करीब फंसी हुई थी और उसका दरवाजा खुला हुआ था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचना बेहद गंभीर मामला है। इससे न केवल बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों और मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की जान भी जोखिम में पड़ सकती थी। स्था नीय लोगों ने संबंधित विभाग से ट्रांसफार्मर और आसपास लगे विद्युत उपकरणों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त पोल और उपकरणों की स्थिति की तकनीकी जांच कराकर जरूरी मरम्मत की जाए। हालांकि घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली कंपनी का सुधार दल मौके पर पहुंच गया। लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालक की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की है।
उनका कहना है कि मंदिर के आसपास लोगों की आवाजाही को देखते हुए ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज करना भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है।

