राष्ट्रवाणी: दोबारा मुंबई नहीं आऊंगा…आज 100 प्लस सीरियल में किया काम, संतोष झा की कहानी कसम खाई थी, दोबारा मुंबई नहीं आऊंगा…आज 100 प्लस सीरियल में किया काम, जानें बेगूसराय के संतोष झा की कहानीReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 27, 2026, 17:41 ISTBegusarai Actor Santosh Jha Success Story: बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी गांव के रहने वाले संतोष झा ने पहले पुलिस की नौकरी और फिर पत्रकारिता छोड़कर मुंबई की मायानगरी में अपनी अलग पहचान बनाई है. कभी मुंबई की भीड़ देखकर दोबारा नहीं आने की कसम खाने वाले संतोष आज CID, क्राइम पेट्रोल और राधा कृष्ण समेत 100 से अधिक टीवी सीरियल के जरिए हर घरों तक पहुंच चुके हैं. आप भी मिलिए LOCAL 18 परख़बरें फटाफट Begusarai Actor Santosh Jha Success Story: बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी गांव के रहने वाले संतोष कुमार उर्फ संतोष झा ने मुंबई की मायानगरी में अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर खास पहचान बनाई है. करीब 11 वर्षों से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में सक्रिय संतोष अब तक 100 से अधिक टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं. LOCAL18 से बातचीत में उन्होंने अपने संघर्ष और अभिनय के सफर की कहानी साझा की. पहले पुलिस की ट्रेनिंग, फिर पत्रकारिता की नौकरी संतोष झा ने बताया कि फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में आने से पहले वह पुलिस की नौकरी के लिए ट्रेनिंग भी ले चुके थे. बाद में उन्होंने यह रास्ता छोड़कर पत्रकारिता को अपना पेशा बनाया. कई साल तक अखबार में काम किया. उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मुंबई जाकर अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगे. संतोष पहली बार 2005 में एक दिन के लिए मुंबई गए थे. वहां की भीड़ और लोकल ट्रेनों में यात्रियों की भारी संख्या देखकर उनका अनुभव काफी अलग रहा. उन्होंने मन ही मन तय कर लिया था कि अब दोबारा मुंबई नहीं आएंगे. उस वक्त वह अखबार में नौकरी कर रहे थे. लेकिन कुछ समय बाद परिस्थितियां बदलीं. अखबार की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उनका मन मुंबई जाने के लिए बेचैन होने लगा. इसके बाद वह परिवार के साथ मुंबई पहुंच गए. उन्होंने बताया कि मुंबई में अच्छा घर ढूंढना और बच्चों का अच्छे स्कूल में एडमिशन कराना आसान नहीं होता. लेकिन एक सहयोगी की मदद से ये दोनों काम महज एक घंटे में हो गए. संतोष इसे ऊपर वाले की कृपा मानते हैं. कलर्स के ‘कोड रेड’ से मिला पहला मौका मुंबई पहुंचने के बाद संतोष झा को सबसे पहले कलर्स चैनल के सीरियल ‘कोड रेड’ में काम करने का मौका मिला. इसमें उन्होंने बैंक मैनेजर की भूमिका निभाई थी. यह करीब तीन दिन का छोटा काम था, लेकिन उनके लिए अभिनय की दुनिया में बड़ी शुरुआत साबित हुआ. संतोष बताते हैं कि उस समय उन्हें अभिनय की बारीकियों की जानकारी नहीं थी. ऑडिशन क्या होता है, कैसे दिया जाता है और कैमरे के सामने किस तरह काम करना है, यह भी नहीं जानते थे. इसके बावजूद उन्हें काम मिलने लगा. उनके मुंबई जाने और अभिनय की शुरुआत से गांव-समाज के लोग भी काफी खुश हुए. ‘क्राइम पेट्रोल’ बना अभिनय की प्रैक्टिकल क्लास ‘कोड रेड’ के बाद संतोष को सोनी टीवी के लोकप्रिय शो ‘क्राइम पेट्रोल’ में काम करने का अवसर मिला. शुरुआत में उन्हें एक-दो दिन के लिए बुलाया जाता था. वहां के लोगों को उनका अभिनय पसंद आया और धीरे-धीरे उन्हें लगातार काम मिलने लगा. संतोष के मुताबिक एक समय ऐसा आया जब ‘क्राइम पेट्रोल’ की लगभग हर कहानी में उन्हें बुलाया जाने लगा. कई वर्षों तक इस शो से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं. वह इसे अपनी प्रैक्टिकल एक्टिंग क्लास मानते हैं. कैमरे के सामने रहने, किरदार के भाव समझने और कहानी के मुताबिक खुद को ढालने का अनुभव उन्हें इसी शो से मिला. Advertisement‘राधा कृष्ण’ में छोटा रोल बना बड़ी पहचान ‘क्राइम पेट्रोल’ के बाद संतोष को धार्मिक धारावाहिक ‘राधा कृष्ण’ में काम करने का मौका मिला. शुरुआत में उन्हें दो-चार दिनों के लिए छोटा किरदार दिया गया था. उनके अभिनय और चेहरे के भाव ने निर्देशक को प्रभावित किया. इसके बाद उन्हें गुजरात में बने सीरियल के सेट पर ही रोक लिया गया. करीब ढाई साल तक इस धारावाहिक में काम करने का अवसर मिला. संतोष बताते हैं कि वह भगवान पर बहुत विश्वास करते हैं. अपने जीवन में मिली उपलब्धियों को ऊपर वाले की कृपा मानते हैं. CID, शिव शक्ति और महादेव जैसे सीरियल में किया काम करीब 11 वर्षों के अभिनय करियर में संतोष झा 100 से अधिक टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं. उनके प्रमुख धारावाहिकों में CID, क्राइम पेट्रोल, राधा कृष्ण, शिव शक्ति और कलर्स पर प्रसारित महादेव शामिल हैं. संतोष को पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार निभाना काफी पसंद है. दर्शकों को भी उनका पुलिस वाला अंदाज पसंद आता है. इसकी एक वजह उनका पहले पुलिस की ट्रेनिंग लेना भी है. शायद यही अनुभव ऐसे किरदारों को सहजता से निभाने में उनकी मदद करता है. OTT पर भी मिला बड़ा मौका, भोजपुरी फिल्मों से बनाई दूरी संतोष झा का कहना है कि OTT प्लेटफॉर्म और वेब सीरीज ने क लाकारों के लिए नए अवसर खोले हैं. आज मोबाइल पर भी अलग-अलग तरह की कहानियां और वेब सीरीज देखी जा रही हैं. इससे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए मौके मिल रहे हैं. हाल ही में बिहार के मुजफ्फरपुर में एक नई वेब सीरीज की शूटिंग शुरू हुई है. इसमें पहली बार उन्हें केंद्रीय भूमिका निभाने का अवसर मिला है. फिलहाल छठ की छुट्टी में वह अपने घर आए हुए हैं और शूटिंग का काम जारी है. संतोष को भोजपुरी फिल्म में भी एक बार काम करने का मौका मिला था. उन्होंने भोजपुरी फिल्मों से दूरी बनाकर हिंदी इंडस्ट्री में ही आगे बढ़ने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने मजाक में कहा था कि अगर भोजपुरी फिल्में ही करनी थीं तो मुंबई क्यों आए?
बेटे की यह बात उन्हें अच्छी लगी. बिहार के युवाओं को दी अभिनय की पढ़ाई करने की सलाह बिहार के जो युवा मुंबई जाकर अभिनय में करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें संतोष झा ने खास सलाह दी है. उनका कहना है कि जिस तरह डॉक्टर और इंजीनियर बनने के लिए पढ़ाई और प्रशिक्षण जरूरी है. उसी तरह अभिनय के लिए भी ट्रेनिंग लेनी चाहिए. सिर्फ मुंबई पहुंच जाने से काम नहीं मिलता. अभिनय की बारीकियां सीखना, खुद को तैयार करना और लगातार प्रयास करना जरूरी है. राजनीति में आने के सवाल पर संतोष ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी ऐसी कोई दिलचस्पी नहीं है. वह अभिनय की दुनिया में ही अपने काम को आगे बढ़ाना चाहते हैं. बेगूसराय के बरौनी गांव से निकलकर मुंबई की टेलीविजन इंडस्ट्री तक पहुंचे संतोष झा का सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं. जिस मुंबई की भीड़ देखकर उन्होंने कभी दोबारा नहीं आने की कसम खाई थी. आज उसी शहर में वह अपने अभिनय के दम पर लगातार काम कर रहे हैं.About the Authorअमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …Location :Begusarai,BiharFirst Published :November 27, 2026, 17:41 ISTऔर पढ़ें

