राष्ट्रवाणी: मुकेश मौर्य, धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से ग्रामीण क्षेत्र की बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत सामने आई है। देर रात एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट को ही एंबुलेंस बनाना पड़ा।

यह पूरा मामला ग्राम पंचायत पेलमा के आश्रित मोहल्ला दर्रापारा का है। बताया जा रहा है कि दर्रापारा में गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की जरूरत थी, लेकिन मोहल्ले तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण सामान्य वाहन से महिला को अस्पताल ले जाना संभव नहीं था।

इसके अलावा अस्पताल पहुंचने के रास्ते में नदी भी पड़ती है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किल और बढ़ गई। आपात स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाकर उसे कंधों पर उठाया और कठिन रास्ते से होते हुए नदी तक पहुंचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी के बीच से बेहद सावधानी के साथ महिला को नदी पार कराया।

ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से महिला को पेलमा की मुख्य बस्ती स्थित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर दुर्गम ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों द्वारा खाट का सहारा लेना बताता है कि आपात स्थिति में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पेलमा के दर्रापारा की यह घटना प्रशासन के सामने बड़ा सवाल छोड़ती है कि आखिर कब तक दुर्गम इलाकों में खाट ही जरूरतमंद मरीजों के लिए एंबुलेंस का विकल्प बनी रहेगी?

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version