राष्ट्रवाणी: PM25 And PM10 Health Risks: दिल्ली की हवा सर्दियों में अक्सर इतनी खराब हो जाती है कि आसमान पर धुंध और स्मॉग की मोटी परत नजर आने लगती है. हवा में मौजूद हानिकारक कण सिर्फ बाहर निकलने पर ही शरीर को प्रभावित नहीं करते, बल्कि घर के अंदर मौजूद धूल, धुआं और खाना पकाने से निकलने वाला धुआं भी लगातार एक्सपोजर बढ़ा सकता है. लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने का असर शरीर के कई हिस्सों पर पड़ सकता है, लेकिन फेफड़े, दिल और रक्त वाहिकाएं खास तौर पर प्रभावित हो सकती हैं. दिल्ली की हवा में कौन से हानिकारक कण सबसे ज्यादा चिंता की वजह हैं?
दिल्ली की खराब हवा की बात करते समय पीएम2.5 और पीएम10 का जिक्र सबसे ज्यादा होता है. पीएम यानी हवा में मौजूद बेहद छोटे ठोस और तरल कणों का मिश्रण. ये कण आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन शरीर पर असर डाल सकते हैं. मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम2.5 बेहद छोटे कण होते हैं, जो फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं और ब्लडस्ट्रीम में भी प्रवेश कर सकते हैं. इनके संपर्क को अस्थमा, दिल से जुड़ी समस्याओं और शरीर में ऑक्सीजन के स्तर से जुड़े जोखिमों से जोड़ा गया है. वहीं पीएम10 अपेक्षाकृत बड़े कण होते हैं, जो नाक, गले और आंखों में जलन पैदा कर सकते हैं. इससे खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कत हो सकती है. सबसे पहले फेफड़ों पर पड़ सकता है असर प्रदूषित हवा का सीधा संपर्क सांस लेने के दौरान फेफड़ों और सांस की नलियों से होता है. हवा में मौजूद हानिकारक कण सांस की नलियों में जलन और सूजन पैदा कर सकते हैं. इसके साथ ज्यादा म्यूकस बनने की समस्या भी हो सकती है. लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने पर लगातार खांसी, सांस फूलना और घरघराहट जैसी परेशानी हो सकती है. जिन लोगों को पहले से अस्थमा या ब्रोंकाइटिस है, उनमें ज्यादा प्रदूषण वाले दिनों में लक्षण और बढ़ सकते हैं. घर के अंदर मौजूद धूल और धुएं के कारण भी फेफड़ों पर लगातार असर पड़ सकता है. प्रदूषण का असर सिर्फ सांस से जुड़ी समस्याओं तक सीमित नहीं रहता. पीएम2.5 जैसे बारीक कण ब्लडस्ट्रीम में पहुंचकर ब्लड वेसल्स में सूजन बढ़ा सकते हैं. इससे ब्लड प्रेशर बढ़ने, दिल की धड़कन अनियमित होने और हार्ट अटैक जैसे जोखिम बढ़ सकते हैं. इसलिए लंबे समय तक खराब हवा के संपर्क में रहने वाले लोगों के लिए दिल की सेहत पर नजर रखना भी जरूरी है. लगातार प्रदूषित हवा में रहने से शरीर की इम्युनिटी कमजोर हो सकती है और संक्रमण से लड़ने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. बच्चों और बुजुर्गों को खास तौर पर ज्यादा संवेदनशील माना गया है. ऐसे में बार-बार बीमार पड़ना या संक्रमण की समस्या बढ़ना भी चिंता का कारण हो सकता है. प्रदूषित हवा आंखों और त्वचा को भी प्रभावित कर सकती है. हवा में मौजूद हानिकारक कण त्वचा में रूखापन और जलन पैदा कर सकते हैं. वहीं आंखों में लालिमा, खुजली, सूखापन और पानी आने जैसी परेशानी हो सकती है. लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने का असर मेंटल वेल-बीइंग पर भी पड़ सकता है. थकान, मूड में बदलाव और ध्यान लगाने में परेशानी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. दिल्ली की प्रदूषित हवा हर किसी को प्रभावित कर सकती है, लेकिन कुछ लोगों के लिए जोखिम ज्यादा हो सकता है. बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं और उनकी सांस लेने की दर भी ज्यादा होती है, इसलिए वे सांस से जुड़ी समस्याओं और एलर्जी के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो सकते हैं. बुजुर्गों में उम्र के साथ इम्युनिटी और फेफड़ों की क्षमता कम होने के कारण संक्रमण और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. अस्थमा, सीओपीडी या पहले से दिल की बीमारी वाले लोगों में प्रदूषण के कारण मौजूदा समस्या और बढ़ सकती है. गर्भवती महिलाओं को भी ज्यादा सावधानी की जरूरत होती है. प्रदूषित हवा के कारण ऑक्सीजन का सेवन कम होने से मां की सेहत और भ्रूण के विकास पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस, डिलीवरी स्टाफ और कंस्ट्रक्शन वर्कर्स जैसे बाहर काम करने वाले लोगों को लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहना पड़ता है, इसलिए उनका जोखिम भी ज्यादा हो सकता है. शरीर में ये लक्षण दिखें तो रहें सावधान प्रदूषण का असर हमेशा अचानक दिखाई नहीं देता. कई बार शरीर धीरे-धीरे इसके संकेत देने लगता है. लगातार खांसी या गले में जलन, सांस फूलना या घरघराहट, थकान और सिरदर्द, आंखों में लालिमा या पानी आना और अस्थमा या एलर्जी के लक्षण बढ़ना ऐसे संकेत हो सकते हैं, जिन पर ध्यान देना चाहिए. अगर ये लक्षण लगातार बने रहते हैं, तो लंग फंक्शन टेस्ट या प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप कराया जा सकता है, ताकि प्रदूषण से जुड़े संभावित असर का समय रहते पता लगाया जा सके. खराब हवा वाले दिनों में बाहर निकलते समय एन95 या इसी तरह के हाई-क्वालिटी मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. घर के अंदर प्रदूषण कम रखने के लिए ज्यादा प्रदूषण वाले दिनों में खिड़कियां बंद रखना और एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल करना भी मददगार हो सकता है. Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें. Check out below Health Tools-Calculate Your Body Mass Index ( BMI ) Calculate The Age Through Age Calculator सोनम एबीपी लाइव में कंटेंट राइटर हैं. यहां वह लाइफस्टाइल कैटिगरी और इसके अंतर्गत आने वाली सब-कैटिगरीज हेल्थ, होम टिप्स, रिलेशनशिप, ट्रैवल, पैरेंटिंग, ब्यूटी और फैशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. सोनम करीब 15 साल से लेखन की दुनिया में कार्यरत हैं. इससे पहले वह , के आईनेक्स्ट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इन सभी जगहों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सोनम ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन किया है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.
