राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। दीपावली के त्योहार पर ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। रेलवे दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच एक फेरे के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है।
इससे त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा करने की सुविधा मिल सकेगी। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 08795 दुर्ग-दिल्ली जंक्शन फेस्टिवल स्पेशल 2 नवंबर को दुर्ग से रवाना होगी और अगले दिन 3 नवंबर की सुबह दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे के टाइम टेबल के मुताबिक यह स्पेशल ट्रेन 2 नवंबर को सुबह 11 बजे दुर्ग से रवाना होगी।
इसके बाद यह 11 बजकर 35 मिनट पर रायपुर पहुंचेगी और 11 बजकर 40 मिनट पर वहां से रवाना होगी। दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर यह ट्रेन उसलापुर पहुंचेगी और 1 बजकर 50 मिनट पर आगे के लिए निकलेगी। उसलापुर के बाद यह ट्रेन शहडोल, कटनी मुड़वारा और सागर होते हुए रात में सफर तय करेगी।
रात के बाद अगले दिन 3 नवंबर को यह ट्रेन सुबह 1 बजकर 30 मिनट पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, 2 बजकर 34 मिनट पर ग्वालियर, 4 बजकर 05 मिनट पर आगरा कैंट और 4 बजकर 44 मिनट पर मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर यह ट्रेन दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।
इनमें दो पावर कार, एक स्लीपर, 14 एसी थर्ड इकोनॉमी और एक एसी सेकंड श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।

