राष्ट्रवाणी: नईदुनि्या प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। छेड़छाड़ से नाराज सिरफिरे युवक ने युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह पूरी घटना माना थाना क्षेत्र की है।

पीड़िता के साथ आरोपी वीरू धीवर छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि विरोध से गुस्साए वीरू ने युवती पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी।

अचानक आग की लपटों में घिरने से युवती ने मदद के लिए शोर मचाया। युवती की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता के बयान और शुरुआती तथ्यों के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पेट्रोल से आग लगाने के कारण युवती के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। पुलिस अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज करने और घटना की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने मामले में सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है। आरोपी और युवती के बीच पहले से जान-पहचान थी या नहीं, इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के वक्त मौके पर कौन मौजूद था और वारदात के बाद आरोपी किस दिशा में भागा। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version