राष्ट्रवाणी: Air Pollution Headache Causes: सर्दी की शुरुआत के साथ ही देश के बड़े शहरों में हवा खराब होने की समस्या बढ़ने लगती है. दिल्ली इनमें सबसे ऊपर रहता है. ऐसे में अगर इन दिनों घर से बाहर निकलने के बाद सिर भारी लगने लगे, माथे में दर्द हो या सिरदर्द काफी देर तक बना रहे, तो इसकी वजह सिर्फ थकान, तनाव या नींद की कमी नहीं हो सकती. हवा में बढ़ी गंदगी भी कुछ लोगों के सिरदर्द की वजह बन सकती है. खासकर PM2.5 और PM10 की वजह से आपको इस दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. वाराणसी स्थित गैलेक्सी अस्पताल के प्रमुख न्यूरोसर्जन डॉ. विश्वेश दत्त तिवारी के अनुसार, खराब हवा का असर उन लोगों पर ज्यादा हो सकता है जिन्हें पहले से सिरदर्द या माइग्रेन की समस्या है. ऐसे लोगों में हवा की खराब क्वालिटी सिरदर्द शुरू कर सकती है या पहले से हो रही परेशानी को और बढ़ा सकती है. खराब हवा में मौजूद छोटे-छोटे कण सांस के साथ शरीर के अंदर चले जाते हैं. बड़े कण नाक और सांस की ऊपरी नली में ही काफी हद तक रुक जाते हैं, जबकि PM10 लंग्स के अंदर तक पहुंच सकता है. PM2.5 के कण इससे भी छोटे होते हैं और फेफड़ों के काफी अंदर तक जा सकते हैं. हवा में मौजूद कुछ कण शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं. कुछ कण खून तक भी पहुंच सकते हैं. इसका असर सिर्फ फेफड़ों पर नहीं पड़ता, बल्कि शरीर के दूसरे हिस्सों और दिमाग पर भी हो सकता है. डॉ बताते हैं कि खराब हवा की वजह से शरीर में ऐसे हानिकारक कण बढ़ सकते हैं जो शरीर के सेल्स के काम पर असर डालते हैं. इसके अलावा शरीर में होने वाली सूजन नसों को भी प्रभावित कर सकती है. खराब हवा का असर खून की नसों और शरीर में खून के बहाव पर भी पड़ सकता है. कुछ लोगों में इससे सिरदर्द और माइग्रेन से जुड़ी नसें ज्यादा सक्रिय हो सकती हैं. हालांकि, हवा की खराब क्वालिटी और सिरदर्द के बीच पूरा संबंध समझने के लिए अभी और रिसर्च की जरूरत है. AQI ज्यादा होने पर सिरदर्द क्यों बढ़ जाता है?
कई लोगों को लगता है कि जिस दिन हवा ज्यादा खराब होती है, उस दिन बाहर निकलने के बाद सिरदर्द शुरू हो जाता है या पहले से मौजूद दर्द बढ़ जाता है. इसकी एक वजह खराब हवा में ज्यादा देर तक रहना हो सकता है. खराब हवा में रहने से शरीर में सूजन बढ़ सकती है. इसके अलावा ऐसी हवा से नाक बंद होना, गले में जलन, खांसी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं. इन परेशानियों के साथ सिरदर्द और बढ़ सकता है. माइग्रेन वाले लोगों में भी खराब हवा सिरदर्द बढ़ाने का एक कारण बन सकती है. अगर इसके साथ नींद पूरी न होना, तनाव, गर्मी या शरीर में पानी की कमी जैसी दूसरी वजहें भी हों तो सिरदर्द की परेशानी और बढ़ सकती है. जिन लोगों को पहले से माइग्रेन है, उन्हें हवा खराब होने वाले दिनों में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए. इसके अलावा जो लोग रोजाना लंबे समय तक ट्रैफिक, निर्माण वाली जगहों या कारखानों के आसपास रहते या काम करते हैं, उन्हें हवा में मौजूद गंदगी का ज्यादा सामना करना पड़ सकता है. अगर आपको लगता है कि हवा खराब होने के साथ आपका माइग्रेन भी बढ़ जाता है तो कुछ समय तक अपने सिरदर्द के साथ उस दिन का AQI भी लिखकर रख सकते हैं. इससे आपको यह समझने में मदद मिल सकती है कि हवा की खराब क्वालिटी और आपके सिरदर्द के बीच कोई संबंध है या नहीं. खराब हवा की वजह से होने वाला सिरदर्द कैसा होता है?
खराब हवा की वजह से होने वाले सिरदर्द की कोई एक खास पहचान नहीं होती. यह आम सिरदर्द, माइग्रेन या साइनस की परेशानी जैसा महसूस हो सकता है. इसमें माथे या कनपटी के आसपास लगातार हल्का दर्द या दबाव महसूस हो सकता है. कुछ लोगों को सिर में भारीपन और खिंचाव भी महसूस होता है. आंखों में जलन या पानी आने के साथ नाक बंद होना, गले में जलन और खांसी भी हो सकती है. माइग्रेन वाले लोगों में सिर धड़कने के साथ जी मिचलाना और तेज रोशनी या आवाज से परेशानी जैसे लक्षण भी हो सकते हैं. अगर बाहर खराब हवा में कुछ समय बिताने के बाद बार-बार सिरदर्द बढ़ता है तो यह एक संकेत हो सकता है. खराब हवा में सिरदर्द से बचने के लिए क्या करें?
हवा की क्वालिटी को पूरी तरह अपने हिसाब से बदलना हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन इसके असर से बचने की कोशिश जरूर की जा सकती है. रोजाना अपने इलाके का AQI चेक करें और जब हवा बहुत खराब हो तो बिना जरूरत बाहर निकलने से बचें. बाहर जाना जरूरी हो तो अच्छी तरह फिट होने वाला N95 मास्क पहनें. इससे हवा में मौजूद छोटे कणों को सांस के साथ अंदर जाने से कम करने में मदद मिल सकती है. घर के अंदर हवा को साफ रखने के लिए सही क्षमता वाला फिल्टर एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल किया जा सकता है. घर में धूम्रपान करने से बचें और अगरबत्ती व मच्छर भगाने वाली कॉइल का इस्तेमाल भी कम करें. Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें Check out below Health Tools-Calculate Your Body Mass Index ( BMI ) Calculate The Age Through Age Calculator सोनम एबीपी लाइव में कंटेंट राइटर हैं. यहां वह लाइफस्टाइल कैटिगरी और इसके अंतर्गत आने वाली सब-कैटिगरीज हेल्थ, होम टिप्स, रिलेशनशिप, ट्रैवल, पैरेंटिंग, ब्यूटी और फैशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. सोनम करीब 15 साल से लेखन की दुनिया में कार्यरत हैं. इससे पहले वह , के आईनेक्स्ट में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इन सभी जगहों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सोनम ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन किया है. We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

