राष्ट्रवाणी (सूरजपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, सूरजपुर : बच्चों की भाषा संबंधी बुनियादी समझ और सुनने, बोलने, पढ़ने व लिखने की क्षमता मजबूत करने के लिए जिले में संचालित ‘शब्दबीज’ कार्यक्रम की कलेक्टर रेना जमील ने समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम में कम समय में हुए प्रयासों के लिए शिक्षकों और नोडल अधिकारियों की सराहना की, साथ ही लापरवाही बरतने वाले विद्यालय प्रमुखों और शिक्षकों को चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि पहले समझाइश देकर सुधार का अवसर दिया जाए। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जिला एवं विकासखंड नोडल अधिकारियों की बैठक में जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू ने कार्यक्रम की प्रगति और स्कूलों में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि शब्दबीज केवल शब्दों का अभ्यास नहीं, बल्कि बच्चों की भाषा दक्षता, शब्द संपदा और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने की पहल है। इसे औपचारिकता न मानकर शिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए और हर विद्यालय में नियमित अभ्यास कराया जाए। उन्होंने जिला एवं विकासखंड नोडल अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर गतिविधियों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
जहां कार्यक्रम निर्धारित तरीके से नहीं चल रहा हो, वहां समझाइश के साथ सुधार सुनिश्चित किया जाए। नोडल अधिकारी विद्यालयों को जरूरत के अनुसार मार्गदर्शन और सहयोग भी दें। कलेक्टर ने अधिकारियों, संस्था प्रमुखों और शिक्षकों से सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, जिला नोडल गौतम कुमार शर्मा, सहायक जिला नोडल विजय बरगाह, टेसु सुमन, बुधराम साहू तथा विकासखंड नोडल राधेश्याम साहू, पुष्पराज पाण्डेय, दिनेश कुमार पाण्डेय, जुगेन्द्र सोनी और शैलेश जायसवाल उपस्थित रहे।

