राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सवालों के जवाब देने के लिए नगरीय निकायों को अभी से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। 17 से 21 दिसंबर तक चलने वाले सत्र के दौरान न तो अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी ले सकेंगे और न ही मुख्यालय छोड़ सकेंगे।
छुट्टी के दिन भी कार्यालय खुले रखने और फोन अटेंड करने के लिए कर्मचारी की तैनाती अनिवार्य होगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि विधानसभा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के अलावा ध्यानाकर्षण सूचनाओं, स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल के सवालों के जवाब निर्धारित समय सीमा में शासन को भेजने होंगे।
अवकाश के दिनों में मौजूदगी होगी सुनिश्चित इसके लिए निकायों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर तत्काल संचालनालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि सत्र की अवधि में अवकाश के दिनों में भी कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की मौजूदगी सुनिश्चित करनी होगी।
विधानसभा से संबंधित प्रश्नों के जवाब आयुक्त या मुख्य नगर पालिका अधिकारी के हस्ताक्षर से ही भेजे जाएंगे। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के माध्यम से संचालित केंद्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं से जुड़े विधानसभा प्रश्नों के जवाब सीधे सूडा को भेजने होंगे। अन्य सभी सवालों के जवाब नगरीय प्रशासन संचालनालय को उपलब्ध कराने होंगे।
जवाब भेजने में देरी या लापरवाही से बचने के लिए निकायों को पहले से व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शीतकालीन सत्र के लिए दो अधिकारी नियुक्ति किए हैं। कार्यपालन अभियंता हिमांशु देखमुख को नाेडल और सहायक अभियंता दुलेश्वर सोनभद्र को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

