राष्ट्रवाणी (छत्तीसगढ़ ब्यूरो): प्रतिनिधि, भटगांव: ग्राम पंचायत बरपारा की तीन प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये तीनों खिलाड़ी अंडर-14 बालिका वर्ग की वालीबाल टीम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों में मानसी, खुशी मानसी एवं संजना सिंह शामिल हैं। इनमें मानसी एवं खुशी मानसी माध्यमिक शाला बरपारा की छात्राएं हैं, जबकि संजना सिंह शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटगांव में अध्ययनरत हैं। राष्ट्रीय स्तर की शालेय वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन 23 नवंबर से 27 नवंबर तक शिरडी, महाराष्ट्र में किया जाएगा।
तीनों बालिकाओं ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षक दिनेश कुमार साहू हैं, जिनके मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में बालिकाओं ने यह मुकाम हासिल किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी फूलसाय मरावी ने तीनों खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

