राष्ट्रवाणी (अंबिकापुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने 70 किलो 390 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पुलिस के डर से गांजे से भरी इनोवा वाहन को सूनसान रास्ते के किनारे छोड़ दिया था और साथियों के साथ भाग गया था।
वाहन में लगे फ़ास्ट टैग और तकनीकी जांच से पुलिस आरोपित तक पहुंची। प्रकरण में पुलिस ने आरोपित अशोक कुमार यादव पिता नखदू यादव (43) को पकड़ा है। वर्तमान में वह सिद्धिताली, थाना अलीनगर जिला चंदौली उत्तरप्रदेश में निवास कर रहा था।
प्रकरण 22 सितंबर 2026 से जुड़ा हुआ है। थाना प्रभारी बसंतपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर के महुवारी जाने वाले रास्ते के किनारे काफी समय से एक इनोवा वाहन लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना पर थाना प्रभारी अपने स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां इनोवा वाहन क्रमांक एमएच 04 डीवाई 9471 लावारिस हालत में खड़ी मिली। गेट बंद होने से गवाहों के समक्ष मैकेनिक से गेट खुलवाकर तलाशी ली गई थी।तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में भूरे रंग के टेप से लपेटे हुए 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी को खोलकर देखने पर उसमें भूरे रंग के टेप से लपेटे हुए 16 पैकेट और मिले।
इस तरह कुल 34 पैकेट बरामद हुए।एक पैकेट को खोलकर पदार्थ को गवाहों से सुंघवाकर और रगड़कर पहचान की गई, जो गांजा होना पाया गया। बरामद गांजे को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला गया था। कुल वजन 70 किलो 390 ग्राम पाया गया था।जिसकी कीमत लगभग 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई।
प्रकरण में चालक के विरुद्ध थाना बसंतपुर में धारा 20 (बी) (ii) (सी) स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान बरामद इनोवा वाहन में लगे फ़ास्ट टैग और अन्य तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अशोक कुमार यादव पिता नखदू यादव (43) निवासी फ्लैट नंबर 104 सुंदरम नाका माहिम पालघर रोड पालघर थाना पालघर जिला पालघर मुंबई महाराष्ट्र बताया।
उसका स्थायी पता जलालपुर माफी थाना चुनार जिला मिरिजापुर उत्तरप्रदेश है। वर्तमान में वह सिद्धिताली, थाना अलीनगर, जिला चंदौली उत्तरप्रदेश में रहता था। आरोपित ने बताया कि घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन उसने मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदा था।
गाड़ी को अपने नाम पर नहीं कराया था। वर्ष 2020-21 में महामारी के समय दुकान बंद हो जाने के कारण दुकान का सारा सामान बेचकर वह अपने गांव जलालपुर माफी थाना चुनार जिला मिरिजापुर आ गया था। तब से वह चालक का काम करता था।आरोपित ने बताया कि वर्ष 2026 माह जुलाई में अपने अन्य साथी के साथ मिलकर ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा और अपनी इनोवा वाहन में गांजा भरा।
22 सितंबर 2026 को ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश लेकर जा रहा था। छत्तीसगढ़ राज्य के वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक का पेड़ से टक्कर हो जाने से आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे आरोपित की इनोवा वाहन ने पीछे से कार को टक्कर मार दी।आरोपित डर से अपना इनोवा वाहन तेज दौड़ाकर भगा रहा था।
छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश की सीमा पर पुलिस की उपस्थिति की आशंका पर डर से उसने वाहन को सड़क के अंदर कच्ची रास्ते में घुसाकर रास्ते किनारे खड़ा कर दिया था और अपने अन्य साथियों के साथ भाग गया था। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। प्रकरण में आरोपित के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
मामले में अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है।

