राष्ट्रवाणी (बालोद ब्यूरो): प्रतिनिधि, बालोद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जमीन पर बैठने को मजबूर हुए समिति प्रबंधकों और प्राधिकृत अधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। पदाधिकारियों ने अधिकारियों पर दुर्व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से शिकायत की है।
17 नवंबर को बालोद प्रवास पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ज्ञापन सौंपकर जिला विपणन अधिकारी और जिला खाद्य अधिकारी को तत्काल जिले से हटाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में हरीश कटझरे, पवन सोनबरसा, पालक ठाकुर, टिनेश्वर बघेल और सुनील बेलचंदन सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि 12 नवंबर को जिला पंचायत सभागार में नोडल अधिकारी की उपस्थिति में धान खरीदी व्यवस्था पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी। आरोप है कि इस महत्वपूर्ण बैठक में आमंत्रित समिति प्रबंधकों और प्राधिकृत अधिकारियों के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते जिम्मेदार पदाधिकारियों को खड़े होकर या जमीन पर बैठकर बैठक में शामिल होना पड़ा।
बैठक में अव्यवस्था को लेकर जब प्राधिकृत अधिकारियों ने आपत्ति दर्ज कराई, तो जिला विपणन अधिकारी और जिला खाद्य अधिकारी ने कथित तौर पर टिप्पणी की कि ‘आप लोगों को बैठक में कौन बुलाया है।’ इस जवाब से समिति पदाधिकारी आहत हो गए। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर धान खरीदी का संचालन समितियां ही करती हैं, ऐसे में जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ इस तरह का बर्ताव गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।
पदाधिकारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी पहले भी समितियों पर अनावश्यक दबाव बनाते रहे हैं, जिससे कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को सौंपे गए ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें बैठक में हुए व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने, जिला विपणन अधिकारी व जिला खाद्य अधिकारी का तत्काल जिले से स्थानांतरण करने और भविष्य में समितियों के साथ सम्मानजनक समन्वय बनाए रखने के निर्देश जारी करने की मांग शामिल है।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे खरीदी व्यवस्था को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन किसी अधिकारी को पद का दुरुपयोग कर अपमानित करने का अधिकार नहीं है।

