राष्ट्रवाणी (बलरामपुर ब्यूरो): न्यूज, बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गुरूवार को कलेक्टर कक्ष में प्रगतिशील कृषक रामलाल लहरे से मुलाकात कर उन्हें ‘प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिकॉग्निशन’ राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लहरे से कहा कि वे आगे भी पारंपरिक, देसी और जंगली पौधों की आनुवंशिक विविधता के संरक्षण और संवर्धन में बेहतर कार्य करें तथा क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के विज्ञानी तथा उप संचालक कृषि अनिल वर्मा मौजूद रहे। वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम महुली निवासी लहरे को यह सम्मान छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाने वाली दुर्लभ जंगली जइया मिर्च के संरक्षण और संवर्धन के लिए मिला है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण ने उन्हें यह सम्मान 12 नवम्बर को दिया।
प्राधिकरण के 22वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएएससी), पूसा, नई दिल्ली में समारोह आयोजित हुआ। इसके मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र थे। सम्मान में प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह और एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
यह राष्ट्रीय सम्मान उन किसानों को दिया जाता है जो पौधों की नई किस्में विकसित करते हैं या पारंपरिक बीजों का संरक्षण और संवर्धन करते हैं। लहरे की विकसित ‘जइया-1’ मिर्च किस्म पौधा किस्म रजिस्ट्री में कृषक किस्म के रूप में पंजीकृत है। बायोटेक्नोलॉजी में स्नातकोत्तर लहरे को इससे पहले भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पूसा से ‘नेशनल इनोवेटिव फार्मर अवार्ड 2020’ भी मिल चुका है।

