राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर: सट्टे में लगातार घाटा, आर्थिक तंगी और परिवार से बिगड़े रिश्तों ने साजिद अली को इस कदर तोड़ दिया था कि उसने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। उसने पत्नी राबिया बेगम, बेटे इरशाद अली और बेटियों शाहिना परवीन व हिरशिबा परवीन को खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर खिला दिया।
चारों की मौत के बाद उसने खुद रसोई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। टिकरापारा थाना क्षेत्र के मदनी चौक, संजय नगर में हुए इस सामूहिक मौत के मामले में एसआइटी की जांच रिपोर्ट से यह राजफाश हुआ है। करीब पांच महीने की जांच के बाद पुलिस ने अब साजिद के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।
पोस्टमार्टम और विसरा जांच में भी चारों परिजनों के शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई है। एसआइटी की जांच में सामने आया कि साजिद पहले बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। बाद में वह गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने लगा।
शुरुआत में उसका काम चलता रहा, लेकिन धीरे-धीरे कारोबार कम होता गया और बाद में लगभग बंद हो गया। वह सट्टे में घाटे और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। पुलिस ने उसके बैंक खातों की जांच की तो पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया।
हालांकि, वर्ष 2026 में खातों में पहले की तुलना में लेनदेन कम हो गया था। जांच में रकम के लगातार आने-जाने और खर्च होने के तथ्य भी मिले।

