राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपए की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक एवं महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया।
नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना भी है। छत्रपति शिवाजी महाराज और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाएं इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं।
इसके साथ ही कवर्धा शहर में और महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को महापुरुषों के जीवन मूल्यों का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। महर्षि कश्यप चौक एवं प्रतिमा का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और महर्षि कश्यप के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है। हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
इसी तरह पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण होगा। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न प्रमुख मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।
नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई गई है। नया बस स्टैंड भी प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा, ताकि नगर का विस्तार हो और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने देव दीपावली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। महर्षि कश्यप जी जैसे महान ऋषियों एवं महापुरुषों ने समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उनके विचारों, आदर्शों और बताए गए मार्गों पर चलना हम सभी का दायित्व है। आज देश और समाज को ऐसे राष्ट्रभक्त, समाजसेवी एवं संस्कारवान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा दिखा सकें। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, श्री देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष श्री प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक श्री आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

