राष्ट्रवाणी (अंबिकापुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जब कोतवाली टीआइ को फोन कर कहा कि मुझे व्यापारियों ने बांधकर बंधक बना लिया है, छुड़वाने के लिए पुलिस भेजिए, तो वहां मौजूद व्यापारी पहले चौंक गए। हालांकि, उन्हें यह समझने में देर नहीं लगी कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली को लेकर मंत्री का यह बयान मजाक नहीं, बल्कि उनकी गहरी नाराजगी है।
यह कोई असली बंधक कांड नहीं था, बल्कि लाखों की चोरी के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज व्यापारियों के सामने मंत्री का पुलिस को जगाने का अनोखा अंदाज था। मंत्री और टीआइ के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चोरी के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से नाराज थे व्यापारी अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग से लाखों रुपये की चोरी का आरोप पुराने कर्मचारियों पर लगा है, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज है।
पीड़ित व्यवसायी ने पहले भी पुलिस अधिकारियों से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी पुलिस को घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

