राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में पारिवारिक रिश्ते को लहूलुहान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के दौरान अपने ही जीजा पर हथौड़े और ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इससे भी मन नहीं भरा तो उसने जीजा को दांतों से काटकर घायल कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ, चेहरे, ठुड्डी और गले में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित बोलने की स्थिति में भी नहीं था। सीपत क्षेत्र के ग्राम मड़ई भाठापारा निवासी सुरेश कुमार सोनझरी घर निर्माण का ठेका लेकर काम कर रहे हैं। 26 नवंबर को वे निर्माण सामग्री गिरवाने के लिए ग्राम खम्हरिया स्थित मनोज किराना दुकान के पास पहुंचे थे।
शाम करीब पांच बजे उनका साला सुंदर लाल सोनझरी वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। सुंदर लाल ने पहले हथौड़े से सुरेश के हाथ पर वार किया।
इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड निकालकर चेहरे, ठुड्डी तथा गले पर हमला कर दिया।

