राष्ट्रवाणी: न डॉक्टर बाहर से बुलाए, न तकनीक का इंतजार; हिमाचल में हुए 1102 रोबोटिक ऑपरेशनन बाहर से डॉक्टर बुलाए, न तकनीक का इंतजार, हिमाचल के सरकारी अस्पतालों ने 1102 रोबोटिक ऑपरेशन से रच दिया इतिहासReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 18:03 ISTHimachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश ने सरकारी अस्पतालों में आधुनिक इलाज के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है. प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब तक 1,102 सफल रोबोटिक सर्जरी हो चुकी हैं. इस सुविधा को शुरू करने वाला हिमाचल उत्तर भारत का पहला राज्य बन गया है. मरीजों की वेटिंग लिस्ट कम करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा ऐलान किया है. हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतलों में रोबोटिक सर्जरी में रचा इतिहास. (सांकेतिक तस्वीर) शिमला: हिमाचल प्रदेश ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है. प्रदेश में अब तक 1,102 रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं. सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने वाला हिमाचल उत्तर भारत का पहला राज्य बन गया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि को प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी क्रांति बताते हुए कहा कि रोबोटिक सर्जरी के मामले में देश में सबसे तेज ग्रोथ हिमाचल में दर्ज की गई है. सरकार अब इस आधुनिक सुविधा का दायरा बढ़ाने और मरीजों की वेटिंग लिस्ट कम करने की तैयारी में है. इसके तहत प्रशिक्षित डॉक्टर अब रविवार को भी रोबोटिक सर्जरी कर सकेंगे. इसके लिए स्वेच्छा से रविवार को ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों को विशेष इंसेंटिव दिया जाएगा. रोबोटिक सर्जरी का आंकड़ा एक हजार पार होने पर शनिवार को सचिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और 1,102 सर्जरी पूरी होने पर केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों से बातचीत कर रोबोटिक सर्जरी के अनुभव, तकनीक के इस्तेमाल और इसके परिणामों की जानकारी ली. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद रहे. रोबोटिक सर्जरी से अस्पताल में रहने का समय सात से घटकर तीन दिन मुख्यमंत्री ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को बड़ा लाभ मिल रहा है. पहले सामान्य तौर पर ऑपरेशन के बाद मरीज को करीब सात दिन अस्पताल में रहना पड़ता था, जबकि रोबोटिक सर्जरी के बाद यह अवधि घटकर औसतन तीन दिन रह गई है. इससे मरीजों को जल्द रिकवरी के साथ अस्पताल से छुट्टी मिल रही है. उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला, अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चम्याणा, नेरचौक और टांडा मेडिकल कॉलेज सहित प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में रोबोटिक तकनीक से कई जटिल ऑपरेशन किए जा चुके हैं. इनमें कैंसर, यूरोलॉजी, प्रोस्टेट, हर्निया, गॉल ब्लैडर और पीडियाट्रिक्स से संबंधित सर्जरी शामिल हैं. आईजीएमसी में आठ महीने के बच्चे की रोबोटिक सर्जरी भी सफलतापूर्वक की गई है. अब रविवार को भी होंगे ऑपरेशन, डॉक्टरों को मिलेगा इंसेंटिव Advertisementमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य रोबोटिक सर्जरी की संख्या बढ़ाना और मरीजों की प्रतीक्षा सूची को कम करना है. इसके लिए प्रशिक्षित रोबोटिक सर्जनों को रविवार को भी ऑपरेशन करने की सुविधा दी जाएगी. जो डॉक्टर स्वेच्छा से रविवार को सर्जरी करने के लिए तैयार होंगे, उन्हें सरकार की ओर से विशेष इंसेंटिव दिया जाएगा. टांडा मेडिकल कॉलेज ने भी रविवार को रोबोटिक सर्जरी करने की दिशा में रुचि दिखाई है. हिमाचली डॉक्टरों ने खुद सीखी तकनीक सुक्खू ने कहा कि शुरुआत में रोबोटिक सर्जरी के लिए बाहर से विशेषज्ञ बुलाने की बात कही जा रही थी, लेकिन प्रदेश के डॉक्टरों ने खुद प्रशिक्षण हासिल कर इस आधुनिक तकनीक में अपनी दक्षता साबित की है. सरकार का दायित्व अस्पतालों में आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवाना और उसे समय-समय पर अपग्रेड करना है, जबकि चिकित्सकों की जिम्मेदारी तकनीक को सीखकर उसका लाभ मरीजों तक पहुंचाना है. हिमाचल के डॉक्टरों ने इस दिशा में बेहतर काम किया है. स्वास्थ्य सेवाओं में एआई तकनीक शामिल करने की तैयारी मुख्यमंत्री ने भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक शामिल करने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में तकनीकी अपग्रेडेशन पर विशेष ध्यान दिया गया है. डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने के साथ प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरने के लिए भी सरकार प्रयास कर रही है. सरकार का लक्ष्य हिमाचल के लोगों को प्रदेश में ही आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है.About the AuthorSub-Editorसिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
पढ़ने के लिए क्लिक करें|Location :Shimla,Himachal PradeshFirst Published :November 28, 2026, 18:03 ISTऔर पढ़ें

