राष्ट्रवाणी (रायगढ़ ब्यूरो): अनिमेष पाल, , जगदलपुर। सुबह का वक्त था, घर के आंगन में दो गायें बंधी थीं। मोहम्मद अफजल नगरिया दूध दुहते और परिवार की जरूरत पूरी होने के बाद बचा दूध बेचने निकल पड़ते।
वर्ष 1977 में शुरू हुई यह छोटी सी पहल परिवार को शुद्ध दूध उपलब्ध कराने के लिए थी। तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यही पहल आगे चलकर बस्तर के एक डेयरी ब्रांड की नींव बनेगी, जिससे एक हजार से अधिक पशुपालक और 200 से ज्यादा कर्मचारी जुड़ेंगे। आज बस्तर डेयरी फार्म (बीडीएफ) का सालाना कारोबार 30 करोड़ रुपये से अधिक है।
इस कहानी की शुरुआत गुजरात के राजकोट जिले के धोराजी से हुई। वर्ष 1944-45 में युसुफ जान मोहम्मद नगरिया का परिवार बस्तर आकर बस गया। गुजरात में दूध-खिचड़ी खाने की परंपरा थी, जबकि उस समय बस्तर में शुद्ध दूध मिलना मुश्किल था।
इसी जरूरत के चलते युसुफ के मझले बेटे अफजल ने दो गायें पालीं। दूध की मांग बढ़ी तो गायों की संख्या 10 हो गई। वर्ष 1984 में परिवार के विरोध के बावजूद उन्होंने आड़ावाल में जमीन लेकर डेयरी व्यवसाय शुरू किया।
वर्ष 2005 तक वहां 200 गायें हो गई थीं। बढ़ती उम्र और करीब 16 लाख रुपये के कर्ज के बीच अफजल के लिए डेयरी संभालना मुश्किल होने लगा। बचपन से उनके साथ डेयरी जाने वाले भतीजे गुलजार और इमरान ने जिम्मेदारी संभाली।
दोनों ने करीब 10 लाख रुपये देकर कारोबार अपने हाथ में लिया और कर्ज चुकाने का जिम्मा भी उठाया। करीब 800 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन से आगे बढ़ते हुए उन्होंने इसे आधुनिक उद्यम और स्थानीय ब्रांड बनाने की शुरुआत की। दूध की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों भाइयों ने ओडिशा के उमरकोट के हिंदू बंगाली बस्ती से संपर्क किया।
वर्ष 2010 में उमरकोट और 2013 में रायगढ़ा में चिलिंग प्लांट लगाए। आपूर्ति ढाई हजार लीटर प्रतिदिन से अधिक हुई तो वर्ष 2015 में बोरपदर में बैंक ऋण से 10 हजार लीटर क्षमता की प्रसंस्करण इकाई शुरू की। यह माओवादी हिंसा का दौर था, तकनीशियन बस्तर आने से कतराते थे, लेकिन विस्तार जारी रहा।
अमूल, देवभोग और सांची जैसे स्थापित ब्रांडों के बीच बाजार बनाना चुनौती थी। दुकानदार नया उत्पाद रखने से हिचकते थे। हैदराबाद की मस्कटी डेयरी के माडल से प्रेरित होकर भाइयों ने 2016 में पांच आउटलेट खोले।
दुकान और मशीनों का खर्च कंपनी उठाती थी, जबकि संचालकों को बिक्री पर कमीशन मिलता था। आज सात जिलों में बीडीएफ के 45 आउटलेट हैं। दूध के साथ पनीर, घी, दही और लस्सी भी इसके उत्पाद हैं।
सालाना कारोबार 30 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। कंपनी से एक हजार से अधिक पशुपालक जुड़े हैं, जिन्हें दूध बेचने के लिए नियमित बाजार मिला है। वहीं प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, परिवहन और वितरण में 200 से अधिक कर्मचारी और तकनीशियन सीधे रोजगार पा रहे हैं।
इस तरह डेयरी का विस्तार ग्रामीण पशुपालन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने का माध्यम बना है। इसी विस्तार के लिए छोटेदेवड़ा में 13 करोड़ रुपये की लागत से प्रतिदिन 50 हजार लीटर क्षमता का प्लांट स्थापित किया गया। प्रदेश सरकार की योजना के तहत इसमें 40 प्रतिशत सब्सिडी मिली।
जून 2026 में शुरू हुई इस इकाई में फिलहाल रोजाना 15 हजार लीटर तक दूध का प्रसंस्करण हो रहा है।

