भिलाई। कुछ साल पहले भिलाई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी, जहाँ नशे की लत में बेटे ने अपनी ही मां को मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया था। इस मामले में कोर्ट ने आरोपी बेटे को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह घटना नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम ननकट्टी की है।
आरोपी सूर्यकांत वर्मा नशे का आदी था। जब भी वह नशा करके घर आता, उसकी मां मधुलता वर्मा उसे डांटती थी। इसी बात से नाराज होकर बेटे ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना 19 जुलाई 2021 की है। उस दिन भी सूर्यकांत नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से कहासुनी होने लगी। गुस्से में उसने कमरे में रखे केरोसिन को उठाया और मां के ऊपर डालकर माचिस से आग लगा दी।

आग की लपटों में झुलसती मां को परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 95 फीसदी जलने की वजह से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मरने से पहले मां ने पुलिस को दिए मरणासन्न बयान में खुद बताया कि उसके बेटे सूर्यकांत ने ही आग लगाई थी। बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 302 और 307 के तहत कोर्ट में पेश किया। सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सुनीता टोप्पो ने आरोपी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में अभियोजन की ओर से अशोक कुमार वर्मा ने पैरवी की।
